जेल प्रांगण में माता रानी की घट स्थापना की गई।
- फोटो : अमर उजाला
नवरात्र में लोग मां की आराधना में लीन हैं। मंदिरों में सुबह शाम मां की पूजा-अर्चना करने के लिए भक्तों की भीड़ लग रही है। इसी तरह धौलपुर जिला कारागार में भी भक्ति और आस्था का माहौल है। जेल में बंद कैदियों ने अपराध से छुटकारा पाने के लिए 9 दिन का उपवास रखा है। जेल प्रशासन ने व्रत के अनुसार इन कैदियों के खाने-पीने की व्यवस्थाएं भी की है। जेल में इन कैदियों द्वारा सुबह-शाम माता रानी के भजन कीर्तन किए जा रहे हैं।
जेल अधीक्षक राम अवतार शर्मा ने बताया नवदुर्गा शुरू होते ही जिला कारागार में बंद कैदियों की व्रत रखने की इच्छा रही थी। उन्होंने बताया कि इस समय जेल में 323 कैदी बंद है। जिनमें पांच महिला बंदी भी शामिल हैं। इनमें से 64 कैदियों ने 9 दिन का व्रत रखा है। इसके अलावा दो महिलाओं ने भी व्रत रखा है। इन सभी कैदियों को व्रत के अनुसार खान-पीना दिया जा रहा है। इनके लिए दूध, जूस और फलों की व्यवस्था कराई गई है। दिन में तीन टाइम चाय भी उपलब्ध कराई जा रही है। सुबह शाम चिकित्सकों की टीम व्रत रख रहे कैदियों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी कर रही है।
जेल अधीक्षक राम अवतार शर्मा ने बताया कि जेल प्रांगण में ही माता रानी की घट स्थापना की गई है। कैदियों द्वारा भजन कीर्तन कर माता रानी की आरती उतारी जाती है। इन दिनों में जेल का माहौल भी आस्था के रंग में रंग गया है।
अपराध से दूर रहने करने का लिया प्रण
हार्डकोर अपराधी विष्णु गुर्जर ने बताया कि उसने 9 दिन का व्रत रखा है। उसने कहा कि जाने अनजाने में कुछ गलतियां हुई थी। लेकिन, अब आदि शक्ति को साक्षी मानकर 9 दिन के व्रत रखे हैं और अपराध की दुनिया से दूर रहने का प्रण लिया है। खूंखार डकैत रामदीन गुर्जर ने कहा कि माता रानी का व्रत रखकर पापों का प्रायश्चित करना चाहता हूं। भविष्य में भी अपराध की दुनिया से पूरी तरह से दूर चला जाऊंगा।