चुनावी चर्चा करते राजनीतिक दलों के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
Satta Ka Sangram: अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' 08 अप्रैल को राजस्थान के झालावाड़ में पहुंचा। यहां का हालचाल लेकर हम आप तक लोकसभा क्षेत्र की असल तस्वीर सामने रख रहे हैं। यहां के मतदाताओं की उम्मीदें क्या हैं और प्रत्याशी किन मुद्दों को लेकर वोटरों के बीच जा रहे हैं। शमा को राजनीतिक दलों के नेताओं से चर्चा के दौरान विकास को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।
वादे पूरे हुए नहीं गारंटी का क्या भरोसा करें
चर्चा के दौरान कांग्रेस कमेटी सदस्य मोहम्मद सैफी ने कहा कि भाजपा जो वादे लेकर सत्ता में आई थी सभी वादे फेल हो गए हैं। मोदी साहब ने गारंटी दी है उसको लेकर लोगों का कहना है कि पहले के वादे पूरे हुए नहीं गारंटी का क्या भरोसा करें। दुष्यंत जी लगातार पांच बार रहे, लेकिन विकास कुछ भी नहीं हुआ। फैक्ट्रिया बंद हो गईं, सड़कों का हाल देख लीजिए, बिजली नहीं आती यहां, लोग इलाज के लिए भट रहे हैं। जनता के हित में तो एक काम भी नहीं हुआ है।
राजे के उद्योगमंत्री रहते बंद हो गई फैक्ट्री
पीसीसी मेंबर सैय्यद इमरान अली ने कहा कि वसुंधरा जी पांच बार सांसद रहीं हैं। चार बार उनके पुत्र सांसद रहे हैं। सबसे मुख्य मांग यहां की है तो वो है बेरोजगारी। यहां जेके फैक्ट्री हुआ करती थी। राजे के उद्योगमंत्री रहते हुए ही जेके फैक्ट्री बंद हुई है। उसके बाद वो दो बार सीएम भी रहीं, लेकिन कोई भी ऐसा प्रोजेक्ट नहीं आया जिससे विकास हो। वहीं आप मूलभूत सुविधाओं को विकास के नाम पर गिना रहे हैं तो ये विकास नहीं है। मेडिकल कॉलेज तो हर शहर में बना हुआ है। ये सब मूलभूत सुविधाएं हैं।
अगर विकास न हुए होते क्या जनता कभी इनको अपनाती
भाजपा समर्थक इनाम जफर ने कहा कि मोदी की गारंटी पूरे देश में लोग मान रहे हैं। उसका कारण है कि लोगों विश्वास है कि जो मोदी जी ने कहा वो होगा। जफर ने कहा कि कांग्रेस वाले असल में झालावाड़ की जनता का गलत साबित करने में लगे हुए हैं। लोग कहते है कि ये भाजपा का गढ़ है। यही लोग मानते हैं कि राजे या उनके पुत्र यहां सांसद रहे। राजे सीएम भी बनीं। तो क्या ऐसे ही बन गईं। अगर विकास न हुए होते क्या जनता कभी इनको अपनाती।