बीकानेर एसीबी टीम ने खाजूवाला के कुंडल सरपंच प्रतिनिधि को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त जारी करने की प्रकिया के लिए रिश्वत ले रहा था। यह कार्रवाई एसीबी पुलिस अधीक्षक रजनीश पुनिया के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक आनंद मिश्रा ने की है।
जानकारी के अनुसार परिवादी ने एसीबी को पीएम आवास योजना में सरंपच प्रतिनिधि ओमप्रकाश तर्ड के दस हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। परिवादी ने एसीबी को बताया था कि आरोपी योजना के तहत मिले 63 हजार रुपये के बदले 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था। सोमवार को एसीबी ने उसे दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम को देखते ही उसने पैसे पंचायत भवन के हॉल में फेंक दिए थे।