राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष पद मिलने के बाद पहली बार जयपुर पहुंचे सचिन पायलट ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में हारी जरूर है, लेकिन जो हराकर इस पार्टी को मिटाने का सपना देख रहे हैं, वह सपना ही रह जाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार को चेताया कि यदि किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता पर बदले की भावना से कार्रवाई की गई तो पहले उनका सामना करना होगा।
पायलट ने मंगलवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभार संभालने के लिए आयोजित स्वागत सभा में लोकसभा चुनाव में जुट जाने के लिए कहा।
प्रदेश प्रभारी गुरूदास कामत सहित प्रमुख नेताओं की उपस्थित में उन्होंने पीसीसी अध्यक्ष पद का पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिटाना असंभव है, क्योंकि यह देश के कण कण में समाई हुई है।
उन्होंने भाजपा पर जातिगत राजनीति करने का आरोप लगाया। भाषण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि आलाकमान उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहेगा, तो वे जरूर चुनाव लड़ेंगे।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नई ऊर्जा के साथ राजस्थान में काम करेगी और बेहतर परिणाम लाएगी। मौसम खराब होने के कारण पायलट सड़क मार्ग से दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे।
विमान से पहुंचने के कार्यक्रम को देखकर कांग्रेस ने यहां उनके स्वागत की व्यवस्था की थी। कांग्रेस की परंपरा के अनुरूप पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट को सूत की माला पहनाकर बधाई दी।
इस मौके पर पायलट वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं से मिले और सभी का आभार व्यक्त किया। एयरपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बीच दर्जनों स्थानों पर उनका स्वागत किया गया।