पाली में कुंए में बच्चे को फेंका
- फोटो : Amar Ujala Digital
पाली के मारवाड़ जंक्शन में आठ साल के मासूम को उसके रिश्तेदार ने सौ फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। गनीमत रही कि कुएं में गिरते ही बच्चे ने मोटर बांधने के लिए लटकाया रस्सी पकड़कर लिया। जिसके सहारे वो रात भर वहीं बैठा रहा। करीब 12 घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया।
सिरियारी थाने के मलसा बावड़ी गांव में आठ साल का बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान उसका मंद्धबुद्धि रिश्तेदार आया और अपने साथ ले गया। वह घर से करीब एक किलोमीटर दूर करीब 100 फीट गहरे कुएं में फेंककर भाग गया। बच्चे के गायब होने पर परिजनों ने आस-पास तलाश की। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे के साथ मंदबुद्धि रिश्तेदार को देखे जाने पर उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ में रिश्तेदार ने बताया कि मासूम को उसने कुएं में फेंक दिया। उसे साथ लेकर पुलिस, परिजन और ग्रामीण कुएं तक पहुंचे। कुएं में करीब 10-15 फीट पानी था। बच्चा करीब 80 फीट ऊपर तक आ गया था। एक ग्रामीण को कुएं में उतारकर उसे सकुशल बाहर निकाला गया। 100 फीट गहरे कुएं में गिरने से मासूम के सिर में चोट आ गई। बच्चे को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।
लोग बच्चे की कर रहे तारीफ
जिला परिषद सदस्य सज्जन चौधरी ने बताया कि बच्चे की बहादुरी देखकर गांव वाले दंग रह गए। 100 फीट गहरे कुएं में गिरने से उसके सिर पर चोट आ गई। इसके बाद भी वह रात के अंधेरे में ही रस्सी और कुएं की दीवार के सहारे 80 फीट तक ऊपर आ गया था। स्थानीय लोग बच्चे की तारीफ कर रहे हैं।