पुलिस हिरासत में आरोपी युवक और जब्त की गई रकम।
- फोटो : अमर उजाला
राजसमंद जिले में देलवाड़ा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान ट्रैवेल्स बस में रखे बैग से 71 लाख 80 हजार रुपये बरामद कर एक युवक को डिटेन किया है। इतनी बड़ी रकम को लेकर युवक बेहतर तरीके से जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद पुलिस ने रुपये जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की सूचना देकर उदयपुर से इनकम टैक्स की टीम को जांच के लिए बुलाया है।
देलवाड़ा पुलिस थाना इंचार्ज कमलेंद्र सिंह सोलंकी के अनुसार लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में देलवाडा पुलिस की टीम ने नेगडिया टोल नाके पर नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। रात करीब 10 बजे भीलवाड़ा से अहमदाबाद चलने वाली ट्रेवल्स बस अंजनी पुत्र की तलाशी ली गई। इस दौरान बस में एक लावारिस बैग मिला, जिसे कोई भी अपना नहीं बता रहा था।
पुलिस ने बताया कि बैग के बारे में बस ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की गई तो उन्होंने बैग बस में बैठे संजय सेन (20) पुत्र बंसी लाल निवासी खटवाड़ा जिला भीलवाड़ा का होना बताया। पुलिस की टीम ने संजय से बैग के बारे में पूछताछ की तो वह संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं दे सका। बाद में बेग को खोलकर देखने पर उसमें 71 लाख 80 हजार रुपये मिले। इतनी बड़ी रकम के बारे में भी युवक सही जानकारी नहीं दे पाया। जिसके बाद पुलिस ने रुपये जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने राशि 10 लाख रुपये से अधिक होने के कारण उदयपुर से इनकम टैक्स की टीम को मौके पर बुलाया। आईटी की टीम मामले की जांच कर रही है।