राजसमंद में चारभुजा थाना सर्कल में कार की टक्कर से पैदल चल रही दादी और पोती की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दादी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पोती ने उदयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार चारभुजा थाना सर्कल में सुबह के समय भोजेला निवासी केसी बाई (55) पति मिठु नाथ कालबेलिया और उसकी सात साल की पोती कवरी रिछेड गांव में समान लेने के बाद वापस अपने गांव पैदल लौट रही थी। इसी दौरान उसी दिशा से आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने दादी और पोती को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोनों घायलों को ऑटो से चारभुजा के हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहां केसी बाई को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल कवरी को उदयपुर रेफर कर दिया गया। वहां उसकी भी मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर चारभुजा एसएचओ गोवर्धन सिंह मय जाप्ते के पहुंचे। ग्रामीणों के साथ समझाईश की। पुलिस ने थार गाड़ी को डिटेन कर पुलिस थाने पहुंचाया। चालक मौके से फरार है। पुलिस ने महिला का चारभुजा के हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम कराया, जबकि पोती का पोस्टमॉर्टम उदयपुर में हुआ।