राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने रेल मंत्री अनिल वैष्णव को पत्र लिखकर तारागढ़ स्थित रेलवे गेस्ट हाउस को पर्यटन निगम को स्थानांतरित करने की का आग्रह किया है। जिससे गेस्ट हाउस का पुनर्निर्माण कर आरटीडीसी का होटल और कैफेटेरिया विकसित किया जा सके।
निगम के अध्यक्ष राठौड़ ने प्रेस वक्तव्य जारी कर बताया कि अजमेर में पर्यटन को बढ़ावा देने और नए पर्यटन स्थल विकसित करने की कड़ी में तारागढ़ स्थित रेलवे गेस्ट हाउस को राजस्थान पर्यटन निगम अजमेर को देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि तारागढ़ पर रोपवे बनाने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने बताया कि राजस्थान बजट 2022-23 के अनुसार पुष्कर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और आधारभूत सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। जिससे कि पुष्कर आने वाले पर्यटकों अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैया कराई जा सके। उन्होंने बताया कि पुष्कर मेला 2022 में राष्ट्रीय स्तर की व्यापक तैयारी की जाएगी। इस बार का पुष्कर मेला अपनी अनोखी छंटा बिखेरेगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मांगे गए सुझाव
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने और हर जिले में पर्यटन स्थल विकसित और स्थापित करने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। वे अपने सुझाव जिला कलेक्टर के माध्यम से अथवा पर्यटन भवन, राजस्थान पर्यटन विकास निगम विधायकपुरी थाने के पास जयपुर के पते पर प्रेषित कर सकते हैं।