करौली शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर के साथ कथित तौर पर अपहरण कर जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। किशोर के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नाबालिग को कथित रूप से कार में डालकर जंगल ले गए
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित के पिता ने बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र एक मिठाई की दुकान पर मजदूरी करता है और उसी से परिवार का पालन-पोषण होता है। 28 जून की शाम करीब 6 बजे वह रोज की तरह काम से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गुडला निवासी अभिषेक गुर्जर अपने तीन-चार साथियों के साथ मिला और उससे दुकान से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। किशोर द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसे जबरन एक कार में बैठा लिया और गुडला बांध के पास जंगल में ले गए।
पढे़ं: सब्जी मार्केट के बाहर निगम की कार्रवाई का विरोध, फल-सब्जी विक्रेताओं ने जगह छोड़ने से किया इनकार
बेरहमी से मारपीट और वीडियो बनाने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जंगल में आरोपियों ने नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसे जमीन पर पटक-पटक कर पीटा तथा उल्टा लटकाकर भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में घायल किशोर के हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसका उपचार जिला अस्पताल करौली में चल रहा है।
मोबाइल और घड़ी भी ले जाने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके पुत्र का मोबाइल फोन और घड़ी भी अपने कब्जे में ले ली। साथ ही परिवार ने अपनी सुरक्षा की मांग भी की है। मामले को लेकर करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उनकी तलाश जारी है।