शोले फिल्म का डायलॉग 'हमारी जेल में सुरंग' राजस्थान के बीकानेर केंद्रीय कारागार पर फिट बैठता है। जेल में सजा काट रहे कैदियों के पास हथियार, मादक पदार्थ, मोबाइल और सिम मिलना आम बात हो गई है। हाल ही में इस जेल से कुछ ऐसी ही घटना सामने आई है।
जिले के बीछवाल स्थित केंद्रीय कारागार में बंदियों के बीच में मारपीट हो गई। कैदियों के एक पक्ष ने नुकीले हथियार से एक दूसरे कैदी पर वार कर दिया। इससे नागौर का रहने वाला कैदी दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीठ और आंख पर गंभीर चोट
जानकारी के अनुसार कैदियों के दो गुटों में किसी बात को लेकर पिछले कई दिन से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों ने मारपीट हो गई। मारपीट में घायल दिनेश उर्फ विक्की ने बीछवाल थाने में बंदी हंसराज गुरमीत सिंह और रघुवीर सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कराया है। शिकायत में उसने बताया कि बंदियों ने उसके साथ मारपीट और नुकीले हथियार से हमला कर दिया। उनके इस हमले से दिनेश की पीठ और आंख पर गंभीर चोटे आई है।
बैरक की तलाशी ली गई
रात में अचानक हुई इस मारपीट की घटना से जेल में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर बैरक में पहुंचे सुरक्षाकर्मी और जेल अधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों गुटों को अलग किया। जेल अधीक्षक अनंतेश्वर ने बताया कि झगड़े के बाद सुरक्षाकर्मियों ने अधिकारियों के साथ सभी बैरक की तलाशी भी ली थी। इस दौरान कुछ सामान जब्त किया गया है। बता दें कि केंद्रीय कारागार में इससे पहले भी बंदियों के पास मोबाइल, नशीले पदार्थ और हथियार आदि मिले हैं। जेल की सुरक्षा व्यवस्था में चूक होने के कारण कैदियों के पास सभी तरह का सामान पहुंचता रहता है।