फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: जेईटी-2026 की पहली काउंसलिंग के बाद भी 750 से ज्यादा सीटें खाली, 42 निजी संस्थानों पर लगी रोक

Sun, 15 Nov 2026 05:50 PM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान के कृषि महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित JET-2026 की पहली काउंसलिंग के बाद भी 750 से अधिक सीटें रिक्त हैं। इस साल 42 निजी संस्थानों को प्रवेश प्रक्रिया से बाहर रखने के कारण करीब 3 हजार सीटें पहले ही कम हो गई थीं। परीक्षा में करीब 35 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए, लेकिन काउंसलिंग के लिए केवल 14 हजार ने पंजीकरण कराया।
विज्ञापन
JET-2026 परीक्षा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के कृषि महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JET)-2026 की पहली काउंसलिंग के बाद भी 750 से अधिक सीटें खाली रह गई हैं। इस साल 42 निजी विश्वविद्यालयों और कृषि महाविद्यालयों को प्रवेश प्रक्रिया से बाहर रखने के कारण उपलब्ध सीटों की संख्या में करीब 3 हजार की कमी आई थी। इसके बावजूद सभी सीटों पर दाखिले नहीं हो सके। अब आगामी काउंसलिंग चरणों में रिक्त सीटों को भरने की कोशिश की जाएगी।
विज्ञापन


35 हजार अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 14 हजार ने कराया पंजीकरण
JET-2026 परीक्षा में करीब 35 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इनमें से केवल 14 हजार अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कराया। इस साल प्रवेश के लिए लगभग 106 संस्थानों में करीब 8 हजार सीटें उपलब्ध थीं। पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या सीटों से अधिक होने के बावजूद पहली काउंसलिंग में सभी सीटें नहीं भर पाईं।

इसकी एक प्रमुख वजह अभ्यर्थियों की कॉलेज और पाठ्यक्रम को लेकर पसंद मानी जा रही है। कई अभ्यर्थियों को मनपसंद संस्थान या इच्छित विषय नहीं मिला, जिसके चलते उन्होंने उपलब्ध विकल्पों पर प्रवेश नहीं लिया। इसका असर दाखिला प्रक्रिया पर पड़ा और 750 से अधिक सीटें खाली रह गईं।
विज्ञापन


42 निजी संस्थानों को प्रवेश प्रक्रिया से बाहर रखा
इस वर्ष प्रदेश के 11 निजी विश्वविद्यालयों और 31 निजी कृषि महाविद्यालयों में नए दाखिलों पर रोक लगाई गई है। इस तरह कुल 42 संस्थानों को JET-2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर रखा गया। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में निजी कृषि शिक्षण संस्थानों को प्रवेश प्रक्रिया से अलग रखने का यह पहला अवसर है।

इन संस्थानों के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) राज्य कृषि शिक्षा नीति-2022 की अनिवार्य शर्तों का पालन नहीं करने के कारण रद्द किए गए थे। कई संस्थानों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की मान्यता के लिए निर्धारित समय में आवेदन जमा नहीं किया था।

नियुक्तियों और कर्मचारियों के भुगतान में भी मिलीं कमियां
संस्थानों की जांच में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आई थीं। इसके अलावा कर्मचारियों को नियमित वेतन देने, भविष्य निधि (PF), कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) और बायोमीट्रिक उपस्थिति जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं के पालन में भी कमियां पाई गईं। इन नियमों की अनदेखी के चलते संबंधित संस्थानों में नए दाखिलों पर रोक बरकरार रखी गई है। इसका सीधा असर इस वर्ष कृषि महाविद्यालयों में उपलब्ध कुल सीटों पर पड़ा है।

तीन चरणों में पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया
JET-2026 की प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जानी है। पहली काउंसलिंग के बाद खाली रह गई सीटों को अगले चरणों में भरने का प्रयास किया जाएगा। विभागीय योजना के अनुसार पूरी दाखिला प्रक्रिया 27 नवंबर तक संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बीते वर्ष 148 संस्थानों में करीब 11 हजार सीटों पर प्रवेश दिया गया था। इसके मुकाबले इस साल 106 संस्थानों में लगभग 8 हजार सीटें ही उपलब्ध हैं। अब अगली काउंसलिंग में यह देखना अहम होगा कि रिक्त सीटों में से कितनी पर दाखिले हो पाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें