राज्यमंत्री सुखराम बिश्नोई और उनके दो बेटों को मिली जान से मारने की धमकी।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान की गहलोत सरकार में राज्यमंत्री सुखराम बिश्नोई और उनके दो बेटों को जान से मारने की धमकी मिली है। ये धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी गई है। मंत्री विश्नोई के बेटे डॉ. भूपेंद्र बिश्नोई के पास धमकी भरा फोन आया था। जिसके बाद उन्होंने सांचौर थाने में केस दर्ज कराया है।
सांचौर पुलिस को दी गई रिपोर्ट में भूपेंद्र विश्नोई ने बताया कि 14 अगस्त को सांचौर के हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में कवि सम्मेलन सुन रहा था। इस दौरान रात करीब 10 बजे मुझे वॉट्सएप पर कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम विष्णु खुडाला बताते हुए कहा कि तुम लोग चुपचाप घर ही रहो, हमारे आदमी वहां घूम रहे हैं। अगर, हमारी बात नहीं मानी तो तेरा, तेरे भाई और तेरे बाप का वही हाल करेंगें, जो लक्ष्मण देवासी का किया है। इसके अलावा भी आरोपी ने कई बातें कहीं, लेकिन भूपेंद्र ने उसका कोई जबाव नहीं दिया।
रात 10.10 बजे दूसरा और 10.16 बजे तीसरा कॉल आया
भूपेंद्र विश्नोई ने बताया है कि रात 10.10 बजे दूसरा कॉल आया, जिसे उसने रिसीव नहीं किया। इसके बाद रात 10:16 बजे तीसरा कॉल आ गया। इसके बाद कवि सम्मेलन में होने की बात कहकर मैंने फोन स्विच ऑफ कर दिया। मोबाइल स्विच ऑन करने पर 11.37 बजे फिर से फोन आया, लेकिन मैंने उसे भी रिसीव नहीं किया।
15 अगस्त को घटना की जानकारी छोटे भाई सत्येंद्र विश्नोई दी। इस दौरान सत्येंद्र ने भी अपने पास इंटरनेशनल नंबर से कॉल आने की बात बताई। इसके बाद दोनों बेटों ने पिता मंत्री सुखराम बिश्नोई को घटना के बारे में बताया। मंत्री बिश्नोई ने पूरी घटना की जानकारी सांचौर एसपी सागर राणा को दी। इसके बाद भूपेंद्र ने 20 अगस्त को सांचौर पुलिस थाने में विष्णु खुडाला के खिलाफ केस दर्ज है।
गैंगस्टर विष्णु खुडाला लक्ष्मण देवासी हत्याकांड में वांटेड चल रहा है। पुलिसस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।