राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी
- फोटो : सोशल मीडिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोला। उन्होंने कहा- गहलोत ने अपने पक्ष के विधायकों को बचाने और विरोधी परिवारों को निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन का दुरूपयोग कर अपनी दोहरी मानसिकता को जनता के सामने दर्शाया है। मारवाड़ के एक विधायक बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हनीट्रेप मामले में बचने के लिए मुख्यमंत्रीजी के पास जाते हैं। सीएम गहलोत इस हाई प्रोफाइल केस को दबाने के लिए आदेश देते हैं। जिसके बाद एक पुलिस अधिकारी 7 दिनों तक वहां बैठा रहता है और 400 पुलिसकर्मी बर्बरता पूर्वक कार्रवाई करते हुए लोगों को डराते धमकाते हैं और मारपीट कर सीडी जब्त कर लेते है।मुख्यमंत्रीजी के पिछले कार्यकाल में भी एक सीडी आई थी, जिसे अपने राजनीतिक विरोधी परिवारों को निपटाने के लिए वायरल कर दिया गया था।
सीपी जोशी ने कहा- यदि कोई पत्रकार किसी मामले को उठाना चाहता है तो उसके हाथ-पैर तोड़ दिए जाते हैं या उसके उपर झूठे मुकदमें दर्ज कर दिए जाते हैं। यही स्थिति रही तो सरहद के जिलों में आपके जन प्रतिनिधि इस प्रकार की लड़कियों के वश में आकर सामरिक महत्व की चीजें भी दुश्मन राष्ट्र तक पहुंचा सकते हैं, क्या ऐसे समय में भी मुख्यमंत्री उनका सहयोग करेंगे? जिस प्रदेश के मुख्यमंत्री का ऐसा दोहरा चरित्र है। जो दुष्कर्म की 56 प्रतिशत घटनाओं को फर्जी बताते हैं उस प्रदेश में नारी की सुरक्षा किस प्रकार हो पाएगी।