राजस्थान विधानसभा चुनाव में सिरोही जिले से एक प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। बुधवार को नाम वापस लेने का पहला दिन था, कल गुरुवार दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भंवरलाल ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र में से एक अभ्यार्थी ने अपना नाम वापस लिया है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 146 सिरोही रिटर्निग ऑफिसर के कार्यालय में नाम वापसी के पहले दिन एक बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सुरेश कुमार ने अपना नाम वापस लिया है। दो अन्य रेवदर और पिंडवाडा- आबू सीट से अब तक किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया है। 9 नवंबर गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
15 से प्रशिक्षण कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ भंवरलाल ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय दशहरा मैदान सिरोही में मतदान दलों के लिए किए जाने वाले द्धितीय प्रशिक्षण का 15 से 21 नवंबर तक होगा। सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5.30 बजे तक प्रशिक्षण का समय तय किया गया है। इसी प्रकार मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 24 नवंबर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन, सिरोही में विधानसभावार यानि विधानसभा क्षेत्र 148 रेवदर के समस्त मतदान दल सुबह 7.30 बजे, विधानसभा क्षेत्र 147 पिंडवाडा- आबू के समस्त मतदान दल प्रातः 9 बजे एवं विधानसभा क्षेत्र 146 सिरोही के समस्त मतदान दल सुबह 10 बजे से दिया जाएगा। इस अंतिम प्रशिक्षण में विधानसभावार नियुक्त सेक्टर अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।