दौसा में कोलवा थाना क्षेत्र के भोजवाड़ा गांव में गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत के संबंध में पीहर पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोलवा थाना पुलिस ने बताया, भोजवाड़ा गांव में गुरुवार देर शाम राजेश शर्मा और उसकी पत्नी पारुल में किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया, जिसमें हुई मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाने पर जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पति राजेश सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का केस...
पारुल की मौत की सूचना पर अलवर के रैणी क्षेत्र से उसके परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच। यहां उन्होंने पति राजेश सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने समेत कई और आरोप लगाए हैं।
पिता ने लगाए आरोप...
मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग परेशान करते आ रहे थे। आए दिन उसके साथ मारपीट करते हुए घर से निकाल देते थे, जिस पर मैं कई बार समझाइश कर मामला शांत करवाता था। दामाद ने मेरी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की, इससे उसकी मौत हो गई।
लगभग तीन महीने पहले मृतका के पति ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी...
कोलवा थाने में मृतका के पति ने तीन महीने पहले पत्नी की गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी। उस मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उस समय मृतका को ढूंढकर ले आई थी। कोलवा थाना इंचार्ज हेमलता ने बताया, मृतका की एक साल पहले ही शादी हुई थी। महिला के सिर में चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया इससे प्रतीत होता है कि उसके साथ मारपीट हुई है। पीहर पक्ष ने दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर जल्द ही खुलासा करेगी।