पुलिस मामले में कार्रवाई करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
जिले में हर दूसरे दिन हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है। कल रात एक बार फिर अज्ञात चोरों ने शहर के निहालगंज थाना क्षेत्र में पांच दुकानों के ताले तोड़ते हुए लाखों की नगदी एवं दुकान में रखे माल पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की घटना को लेकर मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ जैन ने बताया कि क्षेत्र के जगन चौराहे पर रात को सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों को बंद करके घर चले गए थे। सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की वारदात का पता चला। उन्होंने बताया कि चोर उनकी दुकान से 30 हजार की नगदी के साथ करीब एक लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा दो अन्य दुकानों से करीब 1 लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। निहालगंज थाना पुलिस में घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने फरार चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गत एक महीने में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है। लगातार बढ़ते जा रहे चोरों के आतंक से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। निहालगंज थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अज्ञात चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।