शनिवार शाम को क्या हुआ था?
25 साल की दुष्कर्म पीड़िता अपने भाई के साथ शनिवार शाम को स्कूटी से प्रागपुरा जा रही थी। इस दौरान बाइक से आए रेप के आरोपी राजेंद्र यादव ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने पीड़िता को गोली मारी जो उसकी पीठ में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गई और आरोपी राजेंद्र गड़ासा लेकर उसके टूट पर पड़ा। इसके बाद वह तब रुका जब उसे लगा कि वह मर चुकी है। इस दौरान आरोपी के साथ आए उसके साथी पीड़िता के भाई के साथ मारपीट करते रहे। बाद में पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी हालत देखकर जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पीड़िता का इलाज किया जा रहा है, वह वेंटिलेटर पर है, जिदंगी और मौत के बीच झूल रही है।
दरिंदे ने युवती को कहां-कहां दिए जख्म
- आरोपी राजेंद्र यादव के गड़ासे से वार करने के कारण युवती के सिर में फ्रैक्चर हो गया है। इसके अलावा उसके सिर में पांच से ज्यादा घाव भी हैं।
- गड़ासे के वार से युवती का कान बीच से कट गया है। युवती के दोनों हाथ और पैर पर भी कई गहरे-गहरे घाव हैं। उसके कंधे पर भी बहुत गहरा जख्म है।
- दुष्कर्म पीड़िता को मारी गई गोली उसकी पीठ में लगी और पेट में आकर फंस गई। गोली ने उसके पेनक्रियाज और आमाशय को भी जख्मी कर दिया।
- डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है। लंग्स सही काम करते रहे, इसके लिए चेस्ट ट्यूब भी डाली गई है।
- अंदरूनी जख्मों के कारण युवती के पेट और सीने में खून जमा हो गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर इसे भी निकाला है।
युवती की हालत गंभीर
डॉक्टरों का कहना है कि युवती जब अस्पताल आई थी, उसकी हालत बहुत खराब थी। बहुत खून बह चुका था। अभी तक उसे तीन बार ब्लड चढ़ाया जा चुका हैं और भी चढ़ाना पड़ सकता है। शरीर के अंदरूनी अंगों में लगी चोट के कारण इंफेक्शन का खतरा बना हुआ है। उसे अभी तक होश भी नहीं आया है। उसके फेफड़े सही काम करें इसके लिए चेस्ट ट्यूब डाली गई है। डॉक्टरों की टीम उस पर नजर रखे हुए है।
आरोपी राजेंद्र ट्रेन से कूदा, पैर कटा
दुष्कर्म पीड़िता पर हमले करने के मुख्य आरोपी राजेंद्र यादव ने सोमवार को आत्महत्या करने की कोशिश की। वह जयपुर में ट्रेन के सामने कूद गया, इससे उसका एक पैर कट गया। उसे जयपुर ट्रॉमा सेंटर के भर्ती करवाया गया है। युवती पर हमला करने के बाद से राजेंद्र फरार चल रहा था। वहीं, दो अन्य आरोपियों को प्रागपुरा पुलिस ने शनिवार रात को ही गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी दे रहा था जान से मारने की धमकी
युवती के साथ जून 2023 में आरोपी राजेंद्र यादव ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया तो वह उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी। पीड़िता ने थाने में दोबारा शिकायत दर्ज कराई तो उसकी सुरक्षा में दो जवान तैनात कर दिए गए। लेकिन, दो दिन बाद इन्हें हटा दिया गया। अब पीड़िता जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।