राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा शुक्रवार को अजमेर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जो काम करेगा, वो ही लीडर बनेगा। हर एमएलए और मंत्री की परफॉर्मेंस देखी जाएगी। हर विधानसभा में सर्वे शुरू कर दिया है। कांग्रेस है तो लीडरशिप है, वरना कोई नहीं पूछेगा। कांग्रेस को कमजोर करने वाली बात कभी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रंधावा ने कहा कि जो कहते हैं कि हमें लीडर नहीं पूछते वे खुद लीडर बन जाए। जो पार्टी के लिए काम कर रहा है, उसे लीडर बनाएंगे। पार्टी नेताओं की ओर से हो रही बयानबाजी पर रंधावा ने कहा कि कोई बयानबाजी नहीं होनी चाहिए, अगर किसी को प्रोब्लम है तो वो पार्टी स्तर पर बात करें, मीडिया में बात करने की जरूरत नहीं है। इस दौरान रंधावा ने मोदी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल दिखावा कर रही है। मोदी सरकार ने जो वादे किए थे वो पूरे नहीं किए। कांग्रेस इस बात को जन-जन तक पहुंचाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में एकजुटता है, कोई विवाद नहीं है। हम पूरी 200 सीटें जीतना चाहते हैं। सीएम गहलोत के 156 सीटें जीतने के बयान पर डोटासरा ने कहा कि वे मुझसे पूछकर नहीं बोलते हैं और लक्ष्य रखना कोई बुरी बात भी नहीं।
पेपर लीक मामले को लेकर डोटासरा ने कहा कि राजस्थान का हर नेता चाहता है कि पेपर लीक ना हो। सरकार भी यही चाहती है। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं हो और नौकरी मिले, सरकार भी यही चाहती है। भाजपा के टाइम में आठ पेपर लीक हुए, एक को भी जेल नहीं भेजा गया। हम सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। भाजपा की सरकार थी तो सीबीआई जांच कराई क्या? उस वक्त किसने रोका था।