पुलिस ने ट्रेन से जब्त किया गांजा।
- फोटो : अमर उजाला
सीआईडी की गिरफ्त में आए दोनों तस्कर भुवनेश्वर के ब्रह्मपुर से मादक पदार्थ की तस्करी कर मदनगंज किशनगढ़ सप्लाई के लिए ले जा रहे थे। बरामद किए गए मादक पदार्थ गांजा की बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपए है। गुरुवार को भी सीआईडी की टीम ने चंदवाजी थाना इलाके में लग्जरी हौंडा सिटी कार सवार तस्कर को 12 ग्राम एमडी ड्रग्स समेत पकड़ा था।
मुखबिर की सूचना पर मारी रेड
ADG क्राइम डॉ रवि प्रकाश ने बताया कि सीआईडी के हेड कांस्टेबल मदनलाल शर्मा को मुखबिर से मिली सूचना पर डीआईजी राहुल प्रकाश के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के सुपर विजन , पुलिस निरीक्षक शिव दास के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल शंकर दयाल शर्मा, मदन लाल शर्मा, रविंद्र सिंह एवं कॉन्स्टेबल सोहन देव की विशेष टीम गठित कर धौलपुर के लिए रवाना की गई।
भुवनेश्वर से लाई जा रही थी खेप
एडीजी ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि दो तस्कर भुवनेश्वर से मादक पदार्थ गांजा की तस्करी कर ट्रेन से लौट रहे हैं। इस सूचना पर गठित टीम शुक्रवार को धौलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। जीआरपी के सहयोग से भुवनेश्वर से आई ट्रेन में बैठे तस्कर वार्ड नंबर 12 किशनगढ़ निवासी गोविंद कुमार प्रजापति पुत्र दयाशंकर (28) और वार्ड नंबर 3 किशनगढ़ अजमेर निवासी मनोज वैष्णव पुत्र दयाल चंद (28) को पकड़ा गया।
जिनके पास मिले बैग में नशे की खेप पाई गई।पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वह यह नशे की खेप मदनगंज किशनगढ़ निवासी तरुण कुमार सिंघल के लिए भुवनेश्वर के ब्रहमपुर से लेकर आ रहे थे। इस पर दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर जीआरपी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।