राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सिरोही जिले के प्रवास पर रहे। आबूरोड से लेकर सिरोही जिला मुख्यालय तक विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष का भव्य रोड शो निकला।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और मजबूत नेतृत्व में पूरे देश में भगवा ही भगवा लहरा रहा है। भगवा के मान के लिए, हिंदुस्तान की शान के लिए, राजस्थान के स्वाभिमान के लिए और राष्ट्रवाद के विचार के साथ पूरे जोश और ताकत के साथ हमें चलना है। 2023 के बाद राजस्थान कभी पीछे मुड़कर नहीं देखेगा और हिंदुस्तान के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा। 2023 में राजस्थान में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। यह भरोसा और विश्वास मैं पार्टी का मुख्य कार्यकर्ता और किसान पुत्र होने के नाते आपको देता हूं। बस इसी तरह विधानसभा चुनाव तक अथक परिश्रम करने की जरूरत है।
गहलोत सरकार से कोई खुश नहीं
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने गहलोत सरकार को घेरते हुए कहा कि अशोक गहलोत सरकार से कोई भी वर्ग खुश नहीं है, क्योंकि प्रदेश का लगभग 60 लाख किसान संपूर्ण किसान कर्जमाफी की वादाखिलाफी से छला गया। युवाओं के भविष्य के साथ पेपर लीक इत्यादि मामलों से खिलवाड़ किया गया। साथ ही प्रदेश में बेरोजगारी दर 32 फीसदी से अधिक के साथ देश में सबसे अधिक है।
पूरे देश में राजस्थान में डीजल-पेट्रोल पर सबसे अधिक वैट होने के कारण सबसे महंगा डीजल-पेट्रोल राजस्थान में मिल रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि पूरे प्रदेश में कहीं भी बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। पिछले एक साल में 7 हजार से अधिक दुष्कर्म, गैंगरेप और छेड़छाड़ के मामले दर्ज हो चुके हैं और पिछले तीन साल में अपराध के लगभग सात लाख मामले हैं।