2.31 करोड़ से ज्यादा कैश,1 किलो गोल्ड बिस्कुट मिला
- फोटो : Amar Ujala Digital
जयपुर के पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव, मुख्य सचिव उषा शर्मा, डीजीपी उमेश मिश्रा, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बीती देर रात को बहुत ही लिमिटेड और सलेक्टेड प्रेस और मीडिया की वार्ता बुलाकर मामले की जांच करवाने और विशेष टीम गठित करने की बात कही है। लेकिन इसी मुद्दे पर सवाल खड़े हो गए हैं कि भ्रष्टाचार की यह रकम योजना भवन के बेसमेंट में किसने सूटकेस में भरकर रखी थी। जानकारी के मुताबिक दो अलमारियों की चाबी कर्मचारियों को काफी समय से नहीं मिल रही थी। जब पुलिस को बुलाकर अलमारियों को खोला गया। तो एक आलमारी में फाइलें मिलीं। जबकि दूसरी आलमारी में लैपटॉप बैग और ट्रॉली बैग मिला। जिसमें बड़ी मात्रा में यह नकदी और सोना बरामद हुआ। योजना भवन में कई डिपार्टमेंट संचालित होते हैं, लेकिन यह रकम किस डिपार्टमेंट के अफसर या कार्मिक ने आलमारी में छिपाई है, यह देर रात तक पता नहीं चल सका। क्योंकि कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हुआ। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने प्रदेश की गहलोत सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर घेरा है।
भ्रष्टाचार की गंगोत्री आखिरकार सचिवालय तक पहुंच ही गई-राजेन्द्र राठौड़
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट कर कहा कि भ्रष्टाचार की गंगोत्री आखिरकार सचिवालय तक पहुंच ही गई। राजस्थान सचिवालय जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी बैठकर शासन चलाते हैं। वहां करोड़ों की नकदी और सोना बरामद होना इस बात का प्रमाण है कि गहलोत सरकार भ्रष्टाचार के संरक्षणदाता की भूमिका में हैं।
मुख्यमंत्री इतना बता दें आपका सचिवालय 2000 के अनगिनत नोटों को क्यों उगल रहा है ?- राजेंद्र राठौड़
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि 2 हजार के नोट को चलन से बाहर करने का बयान देने वाले मुख्यमंत्री जी आप केवल इतना बता दीजिए कि आपका सचिवालय 2 हजार के अनगिनत नोटों को क्यों उगल रहा है ? राठौड़ ने कहा कि आनन फानन में अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में आईटी, ईडी और एसीबी जैसे विभागों का कोई अधिकारी शामिल नहीं, आखिर माजरा क्या है?
इसी जादूगरी की तालीम देते हैं क्या मुखिया जी ?- राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ट्वीट कर रात पौने 12 बजे कहा- राजस्थान में कानून व्यवस्था का हाल ऐसा है कि सूबे का योजना भवन भी अछूता नहीं रहा। इसी जादूगरी की तालीम देते हैं क्या मुखिया जी ? सोचिए, कांग्रेस राज में इतनी लूटपाट है कि कालाधन रखने के लिए जगह नहीं मिल रही। कांग्रेस बताए कि और कहां-कहां छुपा रखा है कमीशन का पैसा ? ना खाता, ना बही... काले धन पर मोदी जी की सर्जिकल स्ट्राइक है एकदम सही। क्योंकि सरकार तो सामने आकर वाहवाही लूटना चाह रही है। लेकिन देर रात को डीजीपी और मुख्य सचिव दोनों संयुक्त प्रेस वार्ता कर रहे हैं।