बारिश के कारण सड़कों पर भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
गुजरात में अपना असर दिखाने के बाद बिपरजॉय अब राजस्थान के पाली जिले में पहुंच गया है। जिले में शनिवार रात 10 बजे के करीब शुरू हुई बारिश अब भी जारी है। वहीं, तेज हवा के कारण मील गेट पर अंडे के ठेले पर बिजली का तार टूटकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इसी तरह जैतारण में भी बिजली का तार टूटकर गिरने से 16 साल एक युवती की मौत हो गई है।
बिपरजॉय के असर से पाली शहर समेत मारवाड़ जंक्शन, रोहट, देसूरी सुमेरपुर, तखतगढ़, सोजत और रोहट सहित ज्यादातर इलाकों में तेज हवा के साथ लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। कुछ इलाके ऐसे भी हैं जहां हल्की बारिश जारी है।
तेज हवा के चलते जिले में कई स्थानों पर बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए है और बिजली के तार भी टूटकर गिर गए हैं। इससे अधिकांश इलाकों में लोगों को लाइट की समस्या हो रही है।
नदी, नालों में पानी की आवक
बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी भरा हुआ है। रेलवे के अंडरब्रिज भी पानी से लबाबलब हो गए हैं, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मारवाड़ जंक्शन के मुख्य बाजार में वर्षों पुराना पीपल का पेड़ भी गिर गया।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विभाग की ओर से जिले में भारी से अति भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। जिला कलेक्टर नमित मेहता हालातों पर नजर बनाए हुए हैं। डन्होंने लोगों घरों में रहने की अपील की है।
पाली में चक्रवार्ती तूफान बिपरजॉय के कारण शहर जलमग्न होने लग गया है। शनिवार देर रात से जारी बारिश रविवार को भी जारी है। तेज हवाओं के साथ बारिश से जगह-जगह पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए हैं। जिसे स्थानीय प्रशासन हटाने के काम में जुटा हुआ है। जिले के कई नदी नालों में पानी की आवक शुरू हो गई है। जोधपुर संभाग के सबसे बड़ा जल स्रोत जवाई बांध में भी पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। इधर, देसूरी में एक बरसाती नाले में ट्रैक्टर सवार तीन लोगों के फंसने की जानकारी पर स्थानीय प्रशासन ने उन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला है। रानी उपखंड के माताजी का बाड़िया और दादाई गांव के बीच बरसाती नाले में से पिकअप लेकर निकल रहे एक व्यक्ति की पिकअप गाड़ी पलट जाने के कारण वह नदी के बहाव में फंस गए। पिकअप सवार नदी के बीच एक झाड़ी पर बैठा रहा, जिसे प्रशासन ने रेस्क्यू करवाया है।