वसुंधरा राजे ने कहा-6 महीने की बात है, राजस्थान में फिर करेंगे 2003 और 2013 जैसा विकास
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
वसुंधरा राजे ने बजरंगबली की कथा हाथ में लेकर बड़ा सियासी संदेश झालावाड़ से गुरुवार को दिया। उन्होंने कहा कि न आज पर्याप्त बिजली है और न पर्याप्त पानी। लोगों को रोज़गार भी नहीं है।पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकार में हो गया है और ये सरकार आँख बंद कर सो रही है। राजे ने गुरूवार को झालावाड़ ज़िले के दौरे के दौरान ये बात कही। उनका भवानी मंडी,गुरारडिया जोगा,भैसानी, मिश्रोली,करावन,ठीकरिया,कुंड़ीखेड़ा और मोयाखेड़ा में जगह-जगह स्वागत हुआ।
5 साल और मिल जाते, तो झालावाड़ सहित पूरे प्रदेश का सम्पूर्ण विकास होता-राजे
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि यदि उनकी सरकार को 5 साल और मिल जाते तो झालावाड़ सहित पूरे प्रदेश का सम्पूर्ण विकास हो जाता,लेकिन सिर्फ़ आधे प्रतिशत मतों से प्रदेशवासियों ने उन्हें राजस्थान की सेवा से वंचित कर दिया।हालाँकि पूर्ण बहुमत तो कांग्रेस की भी नहीं मिला। लेकिन जोड़-तोड़ और लेन-देन कर के उन्होंने सरकार बना ली। सरकार तो बन गई, पर उसे जनता से कोई वास्ता नहीं रहा। क़ानून व्यवस्था,बिजली और तमाम मूल भूत सुविधाएँ लापता हो गई।
राहुल गांधी के वादों का क्या हुआ- राजे
पूर्व सीएम राजे ने कहा राहुल गांधी के वादों के मुताबिक़ न किसानों का क़र्ज़ा माफ़ हुआ और न ही खेतों के पास एग्रो प्रोसेसिंग युनिट लगे। न युवाओं को रोज़गार मिला। पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार, अत्याचार, दुराचार, आतंकवाद और साम्प्रदायिक उन्माद की भेंट चढ़ गया।
ये थे मौजूद
सांसद दुष्यंत सिंह,जन अभाव अभियोग समिति के पूर्व अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार,आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम शर्मा,विधायक कालू राम मेघवाल,गोविन्द रानीपुरिया, प्रभारी संगठन छगन माहुर,ज़िला अध्यक्ष भाजपा संजय ताऊ।