राजसमंद में कई दिनों से लापता बच्चियों का कोई पता नहीं चल पाया है। जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय गुर्जर गौर ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारी ने डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है।
राजसमंद जिले के मऊ गांव से दस दिन पहले एक ही परिवार की तीन नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गई थी। थाने में मामला भी दर्ज कराया गया लेकिन अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय गुर्जर गौर ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारी ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
बच्चियों के पिता ने बताया कि वह 25 जून को अपने घर एक डॉक्टर को दिखाने उदयपुर गया था। इस दौरान उसकी दोनों बेटियां और भाई की बेटी अकेली थी। जब वह दोबारा उदयपुर से आया तो लड़कियां घर में नहीं थीं। शाम तक तलाश करने के बाद भी कोई नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस घटना को 10 दिन हो चुके हैं। थाने में भी मामला दर्ज किया गया था लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष राधा रानी राजोरा ने बताया कि उन्हें शक है कि लड़कियों को लालच देकर कोई ले गया। इंटरनेशनल गुर्जर गौर ब्राह्मण समाज जिलाध्यक्ष सपना शर्मा व जिलाध्यक्ष सुखलाल पंचोली ने बच्चियों का पता लगाने की मांग की।