झालावाड़ में एक युवती से 50 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता का भाई बनकर रुपए ट्रांसफर करवा लिए। साइबर सेल ने तीन महीने के बाद पीड़िता के बैंक खाते में रिफंड करवा दी।
झालावाड़ एसपी मोनिका सेन ने बताया कि शहर निवासी उर्मिला जाटव नाम की युवती ने चार जनवरी को एक लिखित रिपोर्ट दी थी। जिसमें उसने बताया कि उसका मिनी सचिवालय स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बचत खाता है। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए वह फोनपे का उपयोग करती है। उसके मोबाइल पर तीन जनवरी को अज्ञात नंबर से आए कॉल आया। जिसमें कॉल करने वाले ने उसे उसका भाई का परिचित बता कर भाई के लिए रुपए ट्रांसफर करने के लिए एक लिंक भेजा। भेजे गए लिंक पर क्लिक करने पर दो बार 25-25 हजार की राशि निकल गई। बाद में युवती को ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड का अहसास हुआ।
एसपी सेन ने बताया कि युवती से ऑनलाइन फ्रॉड के मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल से हेड कांस्टेबल कैलाश चंद्र और कांस्टेबल अजय कुमार की टीम गठित की गई। टीम ने पीड़िता के दिए गए उपलब्ध कराए बैंक स्टेटमेंट और फोनपे ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट का विश्लेषण कर संबंधित एजेंसी से संपर्क रखा। करीब साढ़े तीन महीने के बाद एजेंसी ने पीड़ित युवती के खाते में संपूर्ण राशि रिफंड कर दी गई।