बतौर आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के एक साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर राजस्थान पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की एक स्मारिका -“साल एक, फैसले अनेक” का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री माननीय विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान में पर्यटन, पर्यटन विभाग और आरटीडीसी के लिए संवेदनशील हैं। पर्यटन विभाग का बजट 1 हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर 1500 करोड़ रुपए करना इस बात को दर्शाता है कि राजस्थान पर्यटन का भविष्य उज्ज्वल है और सरकार इसके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
पर्यटन विभाग और आरटीडीसी में प्रतिस्पर्धा की भावना से काम हो रहा
मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यटन विभाग और आरटीडीसी मिलकर साथ काम कर रहे हैं, आपस में कोई खींचतान या ईर्ष्या नहीं है बल्कि प्रतिस्पर्धा की भावना है। विभाग के अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश, पर्यटन विकास का नया इतिहास बनाएगा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दूरदर्शिता के कारण पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया और नई पर्यटन नीति लागू की गई है। जिससे पर्यटन के विकास में आ रही तमाम बधाएं दूर हो सकी हैं। पर्यटन मंत्री ने कहा- ब्यूरोक्रेसी के डिसीजन प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ लेती हैं, लेकिन पॉलिटिकल डिसीजन मेरे होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कुछ सोचकर ही यह विभाग मुझे सौंपा
आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि उन्होंने जब एक साल पहले आरटीडीसी की कमान संभाली थी, तब आरटीडीसी के हालात ठीक नहीं थे। मुझे भी लगता था कि यह क्या काम मुझे दे दिया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री ने मुझे आरटीडीसी दिया, तो कुछ सोच कर ही दिया होगा। मैंने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया और ठान लिया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विश्वास पर खरा उतरना है।
राठौड़ ने कहा- पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह के मार्गदर्शन और विभाग के सभी आला अधिकारियों के सहयोग से आरटीडीसी के कर्मचारियों का वेतन समय पर मिलने लगा, उनके लिए पेंशन की घोषणा की गई और अब आरटीडीसी के होटलों का जीर्णोद्धार भी करवाया जा रहा है। राठौड़ ने कर्मचारियों से कहा- सभी कर्मचारी इस सोच के साथ काम करें कि आरटीडीसी सरकारी नहीं उनके अपने घर की है, तभी आरटीडीसी की तमाम समस्याएं खत्म हो पाएंगी। आरटीडीसी चेयरमैन राठौड़ ने आरटीडीसी कर्मचारियों की समस्याओँ के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। साथ ही कहा सभी कर्मचारियों के प्रमोशन भी समय पर करवाये जाएंगे।
राजस्थान की पहचान ही पर्यटन
खाद्य आपूर्ति मंत्री और स्थानीय विधायक प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान की पहचान ही पर्यटन है। गहलोत सरकार को इतिहास हमेशा याद रखेगा, क्योंकि कांग्रेस सरकार की नीयति और नीयत दोनों साफ है। उन्होंने कहा कि आरटीडीसी के होटलों में आम आदमी हमेशा सुरक्षित महसूस करता है, ऐसे में हमें आरटीडीसी को मजबूत करने के लिए नवाचारों का सहारा लेना होगा। होटेक के रूम रेट भी सीजन के हिसाब से तय करने होंगे। साथ ही पहले की तरह आरटीडीसी के ज़रिए बीयर बिक्री कर राजस्व भी बढ़ाया जाए।
पर्यटन क्षेत्र में 1400 करोड रुपए के एमओयू साइन हुए
विभाग प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा कि सीएम गहलोत ने पर्यटन विकास कोष का बजट बढ़ाकर पंद्रह सौ करोड़ कर दिया, ऐसे में विभाग के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक की जिम्मेदारी है कि सरकार के विश्वास पर खरा उतरें। राठौड़ ने कहा कि पर्यटन विभाग प्राइवेट सैक्टर की चुनौतियों का सामना कर करते हुए कोरोना काल के बाद लगातार उभर रहा है और इसका परिणाम है कि पैलेस ऑन व्हीलस शाही ट्रेन फिर से दौ़ड रही है। राजस्थान पर्यटन में अब निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं, यही कारण है कि पर्यटन क्षेत्र में 1400 करोड रुपए के एमओयू साइन हुए हैं, जिनमें से 45 एमओयू जल्द ही पूरे हो जाएंगे।