मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान की गहलोत सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने शुक्रवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के वजूद को चुनौती दे रही है। भाजपा को मान लेना चाहिए कि वसुंधरा राजे में दम है। एक मित्र के रूप में मैं भाजपा के लोगों को सलाह दे रहा हूं कि वे अगर पूर्व सीएम राजे को राजी करके राजनीति करेंग तो फायदे में रहेंगे। जिस परिवार में महिलाओं का सम्मान नहीं होता उस परिवार का अंत हो जाता है।
मंत्री खाचरियावास ने कहा कि अगर, भाजपा को अपने घर में शांति चाहिए, वोट चाहिए तो उन्हें यह समझना पड़ेगा इस देश की परंपरा महिलाओं का सम्मान करने की है। भाजपा के लोगों को वसुंधरा जी से लड़ाई नहीं करनी चाहिए, उनके जन्मदिन में जाना चाहिए। ये कैसी लड़ाई है कि दो बार की मुख्यमंत्री रहीं नेता को जन्मदिन नहीं मनाने दिया जा रहा है।
उनके जन्मदिन को लेकर भाजपा वालों का पेट दुख रहा है, इसका मुझे दुख है। वे पहले ही घोषणा कर चुकी थीं कि मैं 4 मार्च को अपना जन्मदिन सालासर में मनाऊंगी। जिन्हें जाना है वे जाते और बधाई देते, जिन्हें नहीं जाना वे नहीं जाते, लेकिन चार मार्च को प्रदर्शन का ऐलान नहीं करना चाहिए था। पूर्व सीएम राजे पहले ही घोषणा कर चुकी थीं, इसमें उनकी गलती नहीं है। ये लोग गलत हैं, मैं न्याय के साथ हूं। भाजपा के सभी नेता पूर्व सीएम को बधाई देने सालासर जाएंगे और कल जयपुर में होने वाला प्रदर्शन फेल होगा।
मंत्री खाचरियावास ने कहा कि भाजपा का अंत तय है, क्योंकि ये लोग अपनी मां, बहन और बेटी से लड़ रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लोग प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों का सम्मान कैसे करेंगे। वसुंधरा जी अपना जन्मदिन सालासर में मना रहीं हैं, कोई पार्टी का सम्मेलन नहीं हैं। प्रदर्शन बाद में भी हो सकता था, लेकिन जन्मदिन पर बधाई दी जाती है, टकराव नहीं करना चाहिए।