दौसा के लालसोट में चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि पहले लोग जब डॉक्टर के पास जाते थे, तो कहते डॉक्टर साहब आधी ही दवाई लिखना, हमारे पास पूरी दवाई खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। अब प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से लोगों को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दे रही है, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा बोले-प्रदेश की जनता सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज का लाभ उठा रही है। चिरंजीव स्वास्थ्य बीमा योजना देश और विदेश में सबसे बढ़िया स्कीम है, क्योंकि 25 लाख रुपये तक का फ्री इलाज पूरे प्रदेश की जनता को राजस्थान के अलावा कहीं नहीं दिया जा रहा है।
तहसील, उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का किया शिलान्यास
चिकित्सा मंत्री ने निर्झरना में आयोजित तहसील भवन और उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम में कहा कि निर्झरना में लगभग तीन करोड़ 15 लाख रुपये की लागत का तहसील भवन बनने पर आस-पास की ग्राम पंचायतों के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए 10 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पडे़गी। पहले तहसील संबंधी कामों के लिए लालसोट जाना पड़ता था, वो सब काम अब निर्झरना में ही हो जाएंगे। तहसील की बिल्डिंग बनने पर लोगों को और सहूलियतें होंगी।
नौ की जगह सात महीने में पूरे होंगे काम
परसादी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि यह कार्य नौ माह की बजाय सात माह में हीं पूरा कर लिया जाए, ताकि लोगों को चुनाव से पहले जल्द ही सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाए। मीणा ने कहा कि लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से श्यामपुरा रोड के चौड़ीकरण का काम जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोड पर जिला अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का काम प्रोग्रेस में है। निर्झरना तहसील का काम पूरा होने के बाद यह सड़क पश्चिमी ही नहीं, बल्कि पूरे लालसोट क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग साबित होगा।
दौसा और लालसोट को जल्द मिलेगा पीने का पानी
मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि लालसोट क्षेत्र में लगभग 125 पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं। इनमें से अधिकांश का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और ईसरदा प्रोजेक्ट के तहत लालसोट ही नहीं, बल्कि दौसा के हर गांव और घर तक पेयजल की व्यवस्था सरकार सुनिश्चित कर रही है।
लोग महंगाई राहत शिविरों में अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करवाएं
चिकित्सा मंत्री ने लोगों से अपील की कि महंगाई राहत कैंप में जाकर अधिक से अधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन करवाएं और बाकी लोगों को भी इसके लिए मोटिवेट करें। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि अकेली राजस्थान सरकार ही है जो किसानों को दो हजार यूनिट बिजली फ्री, घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट बिजली फ्री, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 25 लाख रुपये तक निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, 40 हजार रुपये तक पशुधन बीमा, अन्नपूर्णा राशन किट जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ जनता को दे रही है। इस अवसर पर उन्होंने निर्झरना सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जल्द ही साइंस सब्जेक्ट स्ट्रीम को चालू करवाने और खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण के लिए विधायक कोष से राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लालसोट प्रधान नाथूलाल मीणा ने कहा कि किसी जमाने में लालसोट विधानसभा क्षेत्र में केवल एक तहसील लालसोट हुआ करती थी।
सरपंच प्रद्युम्न सिंह चौहान ने निर्झरना को तहसील बनवाकर उसमें तहसील भवन बनवाने पर स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि निर्झरना और उसके आसपास के गांव हमेशा परसादी लाल मीणा को याद रखेंगे। इसके साथ ही चिकित्सा मंत्री ने लाल क्लब स्टेडियम लालसोट, निर्झरना और रामगढ़-पचवारा के सोनड़ में आयोजित मंहगाई राहत कैंप का निरीक्षण कर लोगों से मुलाकात की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर लालसोट नगरपालिका चेयरमैन रक्षा मिश्रा, उपखण्ड अधिकारी बिजेन्द्र मीणा, तहसीलदार सीमा घुणावत सहित अधिकारी, आसपास के गांवों के सरंपच, अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण ग्रामीण उपस्थित रहे।