राजस्थान की गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने अपने विशिष्ट सहायक को कार्यमुक्त कर दिया है। जिसका आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने बुधवार 2 अगस्त को सेवानिवृत्त IAS रमेश चंद सोलंकी को अपने विशिष्ट सहायक पद से कार्य मुक्त कर दिया है। कार्यमुक्त करने के लिए जारी किए आदेश में मंत्री मेघवाल ने लिखा है कि सोलंकी को सूचित किया जाता है कि वह दिनांक 2 अगस्त से मेरे कार्यालय और विशिष्ट सहायक पद से संबंधित कोई भी राजकीय कार्य नहीं करेंगे। अगर, वे ऐसा करते है तो इसके लिए वे खुद ही जिम्मेदार होंगे।
बतादें कि रमेश चंद सोलंकी 6 सितंबर 2022 को मंत्री गोविंद राम मेघवाल के विशिष्ट सहायक के पद पर नियुक्ति किया गया था। सोलंकी को अचानक इस तरह से कार्यमुक्त करने को लेकर हर कोई आश्चर्यचकित है।
चर्चा है कि आदेश में मंत्री ने ये क्यों लिखा कि सोलंकी 2 अगस्त के बाद कोई राजकीय कार्य करते हैं तो वे खुद इसके लिए जिम्मेदार होंगे। दूसरी ओर सवाल ये भी उठ रहा है कि विभाग के अफसरों की जगह मंत्री ने खुद उन्हें कार्यमुक्त करने का आदेश क्यों निकाला है। हालांकि, मंत्री मेघवाल ने इसे लेकर अब तक कोई प्रतिक्रियां नहीं दी है।