इस तरह गिरते पड़ते भागे लुटेरे।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के बीकानेर जिले में गजनेर रोड पर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से दो युवक सोने की अंगूठी सहित अन्य गहने लूटकर फरार हो गए। इससे पहले दुकानदार ने दोनों लुटेरों का मुकाबला किया, लेकिन लुटेरे अपनी जैकेट उतारकर फरार हो गए। ज्वेलर्स की शिकायत पर पुलिस दोनों लुटेरों की तलाश कर रही है। थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार शहर के गजनेर रोड पर सदर थाना इलाके में हरि ज्वेलर्स है। इस दुकान पर रविवार दोपहर को दो लड़के पहुंचे। पहले आए लड़के ने सोने-चांदी का सामान खरीदने की इच्छा जताई। दुकानदार ने उसे सोने की अंगूठी दिखाई।
अंगूठी पहनने के बाद उसने खोली नहीं और बातों में उलझाए रखा। इस बीच दुकान पर दूसरा लड़का भी आ गया। उसने दुकानदार की आंखों में मिर्ची फेंक दी, इसके बाद दोनों भागने लगे। इस दौरान दुकानदार ने लुटेरे की जैकट पकड़ ली। दोनों लुटेरे भागने के लिए दुकानदार को दुकान से खींचकर बाहर ले लाए।
इसके बाद लुटेरा अपनी जैकेट उतारकर फरार हो गया। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना अधिकारी लक्ष्मण सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और दुकानदार से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।