राजस्थान में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच नए साल के जश्न पर जमकर जाम छलकाए गए। प्रदेश के कई हिस्सों में 31 दिसंबर को लोग छक कर शराब पी और फिर रातभर जश्न मनाते रहे। एक ही दिन में प्रदेश में 77 करोड़ 82 लाख रुपये की शराब बेची गई, इसमें 12 करोड़ 60 लाख रुपये की बीयर और 65 करोड़ 13 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब शामिल है। आबकारी विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले साल यानी वर्ष 2020 में यह आंकड़ा 70 करोड़ था। जबकि, 2019 में एक अरब से ऊपर की शराब बेची गई थी।
आबकारी विभाग ने बताया कि देशभर के कई राज्यों में नए साल के जश्न पर रोक थी। प्रदेश में भी पाबंदियां लगाई गई थी, लेकिन बाहर से आए बड़ी संख्या में लोगों ने होटल और घरों में रुककर शराब पी।
सबसे ज्यादा बिकी अंग्रेजी शराब
आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार लोगों ने बीयर की तुलना में अंग्रेजी शराब को ज्यादा पसंद किया है। साल 2019 में लगभग 30 करोड़ रुपये की बीयर बेची गई थी, जबकि इस बार केवल 12 करोड़ 60 लाख रुपये की ही बीयर बेची गई। लोगों की पसंद इस बार अंग्रेजी शराब की ज्यादा रही।
2019 में हुई थी 1 अरब की बिक्री
साल 2019 के आंकड़ों पर गौर करें तो उस समय नए साल के मौके पर राजस्थान में शराब बिक्री का आंकड़ा एक अरब के पार पहुंच गया था। 31 दिसंबर 2019 की रात तक पूरे प्रदेश में 1 अरब 4 करोड़ की शराब की बिक्री हुई थी। उस समय आयोजन पर किसी तरह की पाबंदी नहीं थी। लोगों ने होटल, पब, फॉर्म हाउस, रिसॉर्ट में जमकर जाम छलकाए थे। उस समय तो आबकारी विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों की पार्टियों में शराब परोसने के लिए अस्थायी लाइसेंस भी जारी किए थे।