बालोतरा में शराब माफियाओं में फायरिंग
- फोटो : Amar Ujala Digital
चूरू के सादुलपुर के धानोठी छोटी तिराहे पर रात को शराब माफिया में भिड़ंत हो गई। शराब माफियाओं ने एक दूसरे की गाड़ियों को टक्कर मारने की कोशिश की। जिसमें एक बोलेरो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की भी बात सामने आ रही है। हालांकि, मामले में पुलिस ने फायरिंग होने की पुष्टि नहीं की है। सुबह जैसे ही सूचना मिली तो मीडिया कर्मियों ने भी पुलिस के अधिकारियों से वार्ता की लेकिन अधिकारियों ने घटना होने से ही इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों को घटनास्थल की फोटो भेजकर कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद स्थानीय डीएसपी बृजमोहन असवाल ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को बरामद किया। घटना के बाद मौके पर खड़ी जीप को शराब माफिया ने क्रेन भेजकर मौके से हटाने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर क्रेन चालक को ग्रामीणों ने टोका तो वह मौके से फरार हो गया।
एडवोकेट हरदीप सुंदरिया ने कहा कि इतनी बड़ी घटना क्षेत्र में होने के बावजूद पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि अगर चूरू जिला एसपी को सूचना नहीं दी जाती तो पुलिस मामले को रफा-दफा कर देती। सादुलपुर डीएसपी बृजमोहन असवाल ने मामले पर कहा कि क्षतिग्रस्त गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
वहीं घटना के करीब 20 घंटे बाद सिद्धमुख थाने में मामला दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि गांव दुमकी निवासी कुलदीप सिंह ने मामला दर्ज करवाया कि मुकेश निवासी भानगढ़ और चार पांच अन्य ने गोलियां चलाई और हम दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद में वापस जीप में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।