अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी देने का शक लॉरेंस विश्नोई पर जताया जा रहा है। विश्नोई इससे पहले भी सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे चुका है। उधर, धमकी भरा पत्र के सामने आने के बाद पुलिस ने सलमान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। पत्र में कहा गया था कि सलमान और सलीम खान का हाल भी सिद्धू मूसेवाला जैसा ही होगा।
दरअसल, सिद्धू मूसेवाला की हत्या में लॉरेंस विश्नोई का नाम सामने आया है। दिल्ली पुलिस की विशेष टीम लॉरेंस से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि पूछताछ में लॉरेंस ने पुलिस से कहा कि 2021 में उसने सलमान को मारने के लिए राजस्थान के गैंगस्टर संपत नेहरा से संपर्क किया था। वह मुंबई गया और सलमान की रेकी भी की थी। आधुनिक गन नहीं मिलने के कारण वह सलमान को नहीं मार सका। इसके बाद लॉरेंस ने जेल से संपत के लिए गन की जुगाड़ की, लेकिन गन देने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में संपत भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बता दें कि साल 2018 में भी लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को मारने की धमकी दी थी। जोधपुर कोर्ट में पेशी के दौरान उसने इस बात को कबूल भी किया था। उसने कहा था, अभी तक मैंने कुछ किया नहीं, सलमान खान को मरूंगा तब पता चलेगा। उधर, बीते पांच साल में राजस्थान में लॉरेंस के नाम पर बदमाशों की दर्जनों गैंग बन गईं हैं।
लॉरेंस की वकील ने सीएम गहलोत से की यह मांग
इधर, लॉरेंस विश्नोई की वकील बीना सुकरिया ने सीएम अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा है। जिसमें उन्होंने कहा कि लॉरेंस को बेवजह परेशान किया जा रहा है। तिहाड़ जेल में बंद विश्नोई पर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। यह बिल्कुकल गलत है। एक फेसबुक पोस्ट के जरिए इस तरह के झेठे आरोप नहीं लगाए जा सकते। बीना सुकरिया ने कहा, तिहाड़ जेल देश की सबसे सुरक्षित जेल है, जहां परिदा भी पर नहीं मार सकता। ऐसे में लॉरेंस सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश कैसे करेगा। उन्होंने सीएम के मांग करते हुए कहा, राजस्थान निवासी लॉरेंस के साथ न्याय किया जाना चाहिए। अपनी मांग को लेकर बीना ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपा है।