लैब में मौजूद स्टाफ को धमकाती महिला पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
Rajasthan News: राजस्थान के चूरू जिले के नए बस स्टैंड के पास शुक्रवार को विजन लेबोरेटरी में घुसकर एक महिला पुलिसकर्मी (Rajasthan Police) ने तोड़फोड़ कर दी। पुलिसकर्मी ने लेब में मौजूद स्टाफ से मारपीट भी की। साथ ही दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की भी धमकी दी। लेब में सादे लिबास में आई महिला पुलिसकर्मी लीलावती ने जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की आशंका के चलते ऐसा किया। लीलावती इतने गुस्से में थी कि उसने लैब में रखे दो कम्पयूटर भी जमीन पर पटककर तोड़ दिए। यह पूरी घटना लैब में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस थाना ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित लैब कर्मचारी रवि बाल्मिकी ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह स्टाफ के साथ लैब में बैठा हुआ बैठा था। इस दौरान एक महिला आई, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उसने कुछ टेस्ट कराए थे, जिसकी जांच रिपोर्ट उसे पहले दे दी गई थी। शाम करीब सवा पांच बजे पुलिसकर्मी लीलावती चौधरी ने लैब में आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
लैब में मौजूद स्टाफ ने उसे रिसेप्शन पर आकर बात करने के लिए कहा तो वह भड़क गई। स्टाफ को गंदी-गंदी गालियां देने लगी। लैब में रखे दो कंप्यूटर भी जमीन पर पटक कर तोड़ दिए और एक स्टाफ का मोबाइल भी छीनकर ले गई। जाने से पहले स्टाफ के साथ मारपीट की और रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। जाते-जाते महिला ने कहा कि वह पुलिस में है और उसके पास पिस्टल है। तुम्हें जान से मार दूंगी। इधर, लैब स्टाफ की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार आरोपी महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड चल रही है। उस पर थाने से बंदूक चुराकर अपने कमरे में छिपाने का आरोप है।