ट्रेन को रवाना करते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
- फोटो : social media
कोटा से अहमदाबाद के लिए नई रेल सेवा का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। बिरला ने ट्रेन को ग्रीन सिग्नल देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से हजारों रेल यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने कोटा से वंदे भारत ट्रेन जल्द चलने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि कोटा-असारवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के बाद बिरला ने कहा कि नए रास्ते से बूंदी, उदयपुर सिटी, डूंगरपुर भी कोटा और अहमदाबाद अब जुड़ गए हैं। इसका लाभ उद्यमियों, व्यापारियों, रोगियों, विद्यार्थियों सहित सभी वर्गों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन दोनों राज्यों के लोगों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि देश में 75 वंदे भारत ट्रेन चलनी हैं। इनमें से कुछ ट्रेन प्रारंभ हो चुकी हैं। जैसे-जैसे कोच तैयार होते जाएंगे नई ट्रेन प्रारंभ होती जाएंगी। उन्होंने कहा कि कोटा के लिए भी जल्द ही वंदे भारत ट्रेन शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोटा और डकनिया स्टेशन का विकास 325 करोड़ से अधिक की लागत से हो रहा है। यह स्टेशन पर यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। रामगंजमंडी, लाखेरी, कापरेन, बूंदी, मोड़क, केशवरायपाटन, इंद्रगढ़ सहित संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के कई स्टेशनों पर विकास कार्य चल रहे हैं। कोटा-असारवा का सफर तय करने वाली इस पहली ट्रेन के लोकापायलट सुरेंद्र सिंह राठौड़ और बरकतुल्ला मंसूरी का कर्मचारियों ने अभिनंदन किया।