नाबालिग छात्र की चाकू गोदकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
कोटा शहर में कल रात 11वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र की है, जहां अज्ञात बदमाशों ने छात्र पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 11वीं कक्षा के छात्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। सभी दोस्त अलग-अलग अपने घरों की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में नाबालिग छात्र को अकेला पाकर झाड़ियों में छिपे बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर उसके दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से उसे विज्ञान नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार छात्र के सीने और कमर पर चाकू के गहरे घाव थे, जिससे अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: नदियों में प्रदूषण पर SC की सख्त टिप्पणी, कहा- अधिकारियों की ढिलाई से सार्वजनिक ढांचा क्षतिग्रस्त
मृत छात्र के परिजनों का कहना है कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं था और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उस पर हमला किसने और क्यों किया। वहीं उसके कुछ दोस्तों का कहना है कि नाबालिग छात्र सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और उसके काफी फॉलोअर्स थे, जिसके चलते कुछ लोगों से उसकी रंजिश हो सकती है।
सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की तलाश की जा रही है और एक आरोपी की पहचान भी सामने आई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।