कोटा में बोरखेड़ा थाना पुलिस की टीम ने सोमवार को मुख्य आरोपी मयंक उर्फ मनीष सेन पुत्र श्यामबाबू (22 साल) निवासी गली नंबर 7, विकास गौड़ पुत्र सालिग राम (22 साल) निवासी श्रीराम नगर, आशीष उर्फ विष्णु पुत्र बंगाली बाबू (19 साल) निवासी बजरंग नगर थाना बोरखेड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 6000 रुपये का इनाम घोषित था। सर्राफा व्यवसायी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने और वहां बैठे कर्मियों पर तलवार, लाठियों और सरियों से जानलेवा हमला कर घायल करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
कोटा एसपी शरद चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में एक अप्रैल को पीड़ित सत्यनारायण सोनी ने थाना बोरखेड़ा पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि वह मंगल मट के पास कृष्णा विहार में दातासा ज्वेलर्स पर काम करता है। रात करीब 8:30 बजे तीन बाइक पर मनीष सेन, लक्की विकास और 5-6 अज्ञात बदमाश तलवार, सरिया और लाठी लेकर आए। बदमाशों ने दुकान में तोड़फोड़ कर उस पर और दुकान में बैठे कमल सोनी पर धारदार हथियार से वार किया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई।
आरोपी मयंक उर्फ मनीष सेन, विकास गौड़ और आशीष उर्फ विष्णु गिरफ्तार...
रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देख एसपी चौधरी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी प्रवीण कुमार जैन, सीओ संजय सिंह के सुपरविजन और एसएचओ बाबूलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सोमवार को आरोपी मयंक उर्फ मनीष सेन, विकास गौड़ और आशीष उर्फ विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है। अब आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।