बारां जिले के छबड़ा में दो दिन पहले हुए एक व्यक्ति के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर पुलिस ने तीन आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। खून के निशानों ने खोला इस ब्लाइंड मर्डर का राज खोला है।
बारां के एडिशनल एसपी मनोज चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कल्याण मीणा, कन्हैया मीणा और भूरा मीणा है। हत्या में शामिल तीनों आरोपी छबड़ा तहसील के खरखेड़ा मीणा गांव के रहने वाले है। वहीं, हत्या का शिकार 60 वर्षीय बाबूलाल मीणा भी इसी गांव का रहने वाला था। ये चारों आपस में परिचित थे।
शनिवार रात को तीनों आरोपियों ने भूरा मीणा के मकान के बाहर शराब पी। नशे में होने पर बाबूलाल ने कन्हैया को कुछ भला बुरा कह दिया। इससे नशे में धुत गुस्साए तीनों आरोपियों ने बाबूलाल से लाठियों से हमला कर उसे मार डाला। बाबूलाल के दम तोड़ने के बाद तीनों आरोपी शव को भूरा मीणा के घर के सामने से घसीटते हुए करीब दो सौ मीटर दूर सड़क किनारे पटक कर भाग निकले।
अगले दिन हत्या का पता चलने पर एसपी बारां दुष्टदमन सिंह के निर्देशन में छबड़ा उपाधीक्षक प्रदीप हापावत और थानाप्रभारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने पड़ताल शुरु की। जिसमें बाबूलाल के खून के निशान भूरा के घर के सामने पड़े मिले। संदेह होने पर पुलिस ने भूरा को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने साथी कन्हैया और कल्याण के साथ मिलकर बाबूलाल की हत्या करना कबूल कर लिया। इस पर पुलिस ने तीनों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।