करौली एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने अपराध नियंत्रण को लेकर कार्यालय सभागार में जिला के पुलिस उपाधीक्षक, थानाधिकारियों समेत अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसपी अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में एसपी ने जिले थानाधिकारियों और डीएसपी को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण पहली प्राथमिकता है। इसमें कोई कोताई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी बृजेश ज्योति ने पिछले महीने घटित अपराधों की थानावार समीक्षा की और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। आसूचना तंत्र को सुदृढ़ करने और उचित विश्लेषण एवं क्रियान्वयन से संगठित अपराधों जैसे अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, अवैध शराब की तस्करी, अवैध खनन, पेशेवर अपराधियों व माफियाओं पर नकेल कसने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जुलाई माह में खेती की बुवाई होने के कारण भूमि विवादों में बढ़ोतरी होती है। जमीन संबंधी विवादों का त्वरित गति से निस्तारण किया जाए। साइबर अपराधों करने वाले ठगों के जाल को तोड़ने के लिए जिले की साइबर टीम, सोशल मीडिया टीम और थानाधिकारियों ने मिलकर कार्य योजना तैयार की है।
अनुसूचित जाति, जनजाति, कमजोर वर्गों, महिला एवं बच्चों संबंधी अपराधों का शीघ्र निस्तारण करने के संबंध में जारी किए निर्देश। एसपी ने बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छा कार्य करने वाले जांबाज पुलिस अधिकारियों व जवानों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।