12 करोड़ की 2.3 किलो हेरोइन बरामद
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों को 19-20 जुलाई 2023 की रात को रायसिंहनगर, सेक्टर श्रीगंगानगर से लगी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से आ रहे ड्रोन की आवाज सुनाई देने पर जवानों ने तत्काल प्रभाव से पाकिस्तानी ड्रोन पर फायरिंग कर पाकिस्तानी ड्रोन को गिराया। सुबह इलाके की सघन जांच के दौरान इलाके से तीन पैकेट्स संदिग्ध हेरोइन और एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया।
इस ऑपरेशन के तहत तीन पैकेट्स संदिग्ध हेरोइन कुल वजन लगभग 2.3 किलोग्राम बरामद की गई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। सीमा सुरक्षा बल द्वारा बरामद हेरोइन को विस्तृत जांच के लिए सम्बधित एंजेंसी को सुपुर्द किया जाएगा।
इससे पूर्व भी पाकिस्तान द्वारा लगातार सीमा पार से ड्रोन द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के निरंतर नापाक प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन सीमा सुरक्षा बल के सजग और सतर्क जवानों द्वारा उनकी कोशिशों को नाकाम किया जा रहा है।