पाली रोड स्थित मोगड़ा खुर्द गांव में रविवार को पकड़ी गई एमडी ड्रग ने राजस्थान पुलिस को मुश्किल में डाल दिया है। जोधपुर में लंबे समय से चल रही इस ड्रग्स फैक्ट्री पर लोकल पुलिस कार्रवाई तक नहीं कर पाई और मुंबई पुलिस ने 107 करोड़ की एमडी ड्रग पकड़ ली। पुलिस को पुणे के एक ड्रग पैडलर से जोधपुर में ड्रग फैक्ट्री का इनपुट मिला था।
मुंबई के साकीनाका पुलिस थाने के एसआई महित्रानंद खंडारे ने बताया कि पूरी कार्रवाई जॉइंट कमिश्नर सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में की गई है पर पुलिस को पुणे के एक ड्रग पैडलर से जोधपुर में ड्रग फैक्ट्री का पता चला था। यहां शनिवार रात को दबिश दी गई। मौके से हुक्माराम जाट (40) नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उससे डेढ़ किलो एमडी ड्रग के साथ इसे बनाने के केमिकल बरामद किए गए। इनकी मार्केट वैल्यू करीब 200 करोड़ हो सकती है। मुंबई पुलिस अब पाली निवासी विकास चौहान की तलाश में है। वह फिलहाल फरार है, वह हुक्माराम के सहयोग से रोहट में मेहंदी प्लांट के नाम पर ड्रग बना रहा था।
पैडलर जोधपुर से खरीदता था ड्रग
मुंबई पुलिस ने ड्रग पैडलर पुणे निवासी प्रशांत पाटिल को 15 दिन पहले गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में देश में संचालित हो रहे ड्रग नेटवर्क के बारे में मुंबई पुलिस
को कई अहम जानकारियां देते हुए बताया था कि सारा ड्रग राजस्थान से ही सप्लाई हो रहा है। जोधपुर के मोगड़ा गांव में ड्रग बनाने का पूरा प्लांट लगा हुआ है, जहां से वह ड्रग खरीदता है।
40 करोड़ से कम नहीं लेते थे ऑर्डर
मुंबई पुलिस के सामने आया है कि मोगड़ा में चल रहे इस प्लांट में एक बार का ऑर्डर 40 करोड़ रुपए का लिया जाता था, इससे कम माल यह लोग सप्लाई नहीं करते थे। ये अलग-अलग प्रदेशों के बड़े ड्रग पैडलर से डील करते थे। मोगड़ा के ड्रग प्रोडक्शन प्लांट में कम मात्रा में ड्रग के ऑर्डर नहीं लिए जाते थे।
पहले करता था डेकोरेशन का काम
पुलिस के मुताबिक जोधपुर के विवेक विहार थाना इलाके के मोगड़ा से पकड़ा गया हुक्माराम जाट अपने घर को किराए पर देना बता रखा था और उस घर में उसने एमडी बनाने की मशीन लगा रखी थी। इस मशीन के अलावा इस मकान में कुछ भी नहीं था। 5 साल पहले तक हुक्माराम कार को डेकोरेशन करने का काम करता था।
मुंबई पुलिस ने यहां से 60 किलो से ज्यादा ब्रोमिन क्लोरोफोम व 67 किलो एमडी लिक्विड और डेढ़ किलोग्राम एमडी ड्रग बरामद किया है। इन सभी की कीमत करीब 200 करोड़ रुपये आंकी गई है।