जोधपुर में अशोक गहलोत का हुआ स्वागत।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को जोधपुर पहुंचे थे। जोधपुर एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भव्य स्वागत किया गया। यहां उन्होंने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात की। गहलोत ने हरियाणा में चुनाव के बाद एग्जिट पोल के आंकड़ों पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों का मतलब साफ है। कांग्रेस के समर्थन में अब फिर से माहौल बन रहा है। गहलोत को हरियाणा चुनावों में सीनियर ऑब्जर्वर बनाया गया था। पूर्व सीएम ने हरियाणा चुनाव में रेवाड़ी, नारनौल और महेंद्रगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए जनसभाएं की थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बात के दौरान राजस्थान की स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि स्थिति बड़ी गंभीर है। डेंगू फैल रहा है। लोग मर रहे हैं, लेकिन पार्टी और सरकार बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। वहीं, जोधपुर में कहीं विश्वविद्यालय हमने खोले, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं है। हर कार्य धीमा चल रहा है। स्थिति बड़ी नाजुक है और हम विपक्ष में हैं। हम विपक्ष में रहकर भूमिका अदा करेंगे। वहीं, उन्होंने कहा कि सरकार नहीं सर्कस चल रहा है कभी कोई इस्तीफा दे रहा है तो कभी कोई। संजीवनी घोटाले मामले को लेकर उन्होंने कहा कि मैंने ट्वीट कर दिया है उस मामले को लेकर।