जोधपुर में शनिवार देर रात एक दो वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। दुष्कर्मी ने बच्ची को मंदिर के पीछे से उठाया। इसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसे बेहोशी की हालत में मंदिर के पास ही फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार मासूम बच्ची का परिवार मंदिर के पीछे ही कच्ची बस्ती में रहता है और कचरा बीनकर अपना गुजारा करता है। शनिवार (17 अगस्त) को मध्यरात्रि तक बच्ची अपने परिवार के साथ मंदिर के बाहर बैठी थी। 12 बजे के बाद परिवार के लोग झोपड़ी में सोने चले गए। बच्ची मंदिर के बाहर ही बैठी रही। मध्यरात्रि के बाद कोई आइसक्रीम खिलाने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गया। दुष्कर्म करने के बाद वापस मंदिर के पास छोड़कर चला गया।
बच्ची सुबह तक वहां बेहोशी की हालत में ही पड़ी रही। सुबह 6 बजे के करीब चारा बेचने वाली एक युवती मंदिर के दर्शन करने आई तो देखा बच्ची बेहोशी की हालत में पड़ी थी। उसने आस-पास के लोगों को इसकी सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और बच्ची को अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद पुलिस की एक टीम को घटना स्थल के आस-पास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की जांच की जिम्मेदारी दे दी गई।