राजस्थान में भाजपा की नई सरकार के कैबिनेट विस्तार पर जारी सस्पेंस अब समाप्त होने के साथ ही नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण का दिन भी सुनिश्चित हो गया है। ऐसे में यातायात व्यवस्था माकूल बनाने के लिए यातायात पुलिस ने एडवायजरी जारी की है। आज शाम सवा तीन बजे से राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम होना है।
यातायात विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत यहां खड़े नहीं कर सकेंगे वाहन-
• राजभवन गेट नं० 1 से राजभवन चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किग निषेध रहेगी।
• राजभवन में प्रवेश करने वाले येलो पासधारकों का प्रवेश गेट नं० 1 से रहेगा। गेट नं० 1 को छोड़कर निर्धारित पार्किंग स्थल सी.एम. हाउस के सामने एवं सी.एम. हाउस के सामने से पानी की टंकी तक दोनों तरफ एक लेन में व अन्य स्थानों पर वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
• गेट नं0 2 से पिंक, सफेद पासधारी वाहन प्रवेश कर सकेंगे और निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन पार्क कर सकेंगे।
• राजभवन चौराहा से मजदूर नगर तिराहा तक किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग नहीं होगी।
• मीडियाकर्मी राजभवन गेट नं0 4 से प्रवेश करेंगे और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क कर सकेंगे।
• आमजन के वाहनों की पार्किंग निर्धारित पार्किंग स्थल मेट्रो स्टेशन से सोडला की तरफ एक लेन में और नाटाणियों का चौराहा से पी.डब्ल्यू.डी. कार्यालय तक हो सकेगी।
कार्यक्रम शामिल होने वाले वाहनों के पार्किंग स्थल :
• स्कूल ग्राउंड में, सी.एम. हाउस के पास खाली जगह पर, सी.एम. हाउस से पानी की टंकी तक दोनों तरफ एक लेन में, जैकब रोड पर, रामनगर से राजभवन चौराहा तक एक लेन में, मेट्रो स्टेशन से सोडला की तरफ एक लेन में, नाटाणियों का चौराहा से पी.डब्ल्यू.डी. कार्यालय तक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
• मजदूर नगर तिराहा से राजभवन चौराहा की तरफ, रामनगर तिराहा से राजभवन चौराहा की तरफ, राममंदिर से राजभवन चौराहा की तरफ, नाटाणियों का चौराहा से सिविल लाइन फाटक की तरफ आने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट कर समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा।