फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: मतदाताओं की संख्या पांच करोड़ से अधिक, 15 लाख से ज्यादा नए मतदाता करेंगे मतदान

Thu, 08 Feb 2024 09:53 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया। प्रदेश में कुल मतदाताओं के संख्या पांच करोड़ 32 लाख से अधिक हुई। वहीं, 15 लाख 54 हजार से अधिक नव मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।
विज्ञापन
राजस्थान निर्वाचन विभाग की बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचन विभाग द्वारा गुरुवार को राज्य के 199 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की एकीकृत फोटो युक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया। यह सूची विभाग की वेबसाइट ceorajasthan.nic.in पर उपलब्ध है। करणपुर विधानसभा क्षेत्र की सूचियों का अंतिम प्रकाशन 13 फरवरी को होगा।

विज्ञापन


मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए प्रदेश में कुल पांच करोड़ 32 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं (करणपुर विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों सहित)। 199 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रकाशित अंतिम मतदाता सूचियों में कुल 5,29,68,476 मतदाता हैं। इनमें से 2,74,75,971 पुरुष और 2,53,51,276 महिला एवं 1,41,229 सेवा नियोजित मतदाता सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि 18-19 साल के 15,54,604 नव मतदाता वर्ष 2023 में संपन्न विधानसभा आम चुनाव के बाद जोड़े गए हैं, जो आगामी चुनाव में पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन सूचियों में थर्ड जेंडर के 616 मतदाता पंजीकृत हैं।

गुप्ता ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2023 के बाद मतदाता सूचियों में शुद्ध रूप से 2,79,366 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। जबकि प्रारूप प्रकाशन के बाद संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2024 के दौरान 5,20,807 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इस अवधि में 2,64,564 मतदाताओं के नाम विलोपित भी किए गए हैं। इस प्रकार शुद्ध रूप से 2,56,243 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
विज्ञापन


दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या बढ़ी
गुप्ता ने यह भी बताया कि 19 जनवरी को मतदान केन्द्र स्थलों पर दिव्यांग मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित हुए। विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान प्रदेश में 5 लाख 60 हजार 425 दिव्यांग मतदाता तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 11 लाख 72 हजार 260 पंजीकृत थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर क्रमशः 5,72,965 तथा 12,85,960 हो गई है।

लैंगिक अनुपात में सुधार हुआ
मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन 08.02.2024 के अनुसार, राज्य की मतदाता सूचियों में लैंगिक अनुपात 920 की तुलना में 923 हो गया है। इसी प्रकार निर्वाचक जनसंख्या अनुपात भी 650 की तुलना में 654 हो गया है। कुल पंजीकृत मतदाताओं में 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं का प्रतिशत 2.94 है। राज्य में सभी मतदाताओं के लिए मतदाता पहचान पत्र (एपिक) जारी हो चुके हैं।

अंतिम प्रकाशित सूचियों में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 55-सांगानेर में मतदाताओं की संख्या में 2.00 प्रतिशत, 50-विद्याधर नगर में 2.00 प्रतिशत, 96-टोंक में 1.73 प्रतिशत, 46-झोटवाड़ा में 1.61 प्रतिशत एवं 49-हवामहल में 1.54 प्रतिशत वृद्धि हुई है। राज्य में 199 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम प्रकाशित सूचियों के अनुसार, सर्विस वोटर्स की संख्या 1,41,821 है, इनमें 4,874 महिला हैं। साथ ही, प्रदेश भर में 36,090 स्थानों पर कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 51,507 है। 

राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
गुप्ता ने बताया कि एकीकृत मतदाता सूचियों के संबंध में गुरुवार को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में जानकारी दी गई है। सभी राजनैतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने का आह्वान किया गया है। समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित कर मतदाता सूचियों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी निशुल्क प्रदान करने के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। गुप्ता ने बताया कि 7 जनवरी एवं 21 जनवरी को राज्य के सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित विशेष अभियान शिविरों में मतदाताओं के पंजीकरण के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा सक्रिय सहयोग किया गया। 

बैठक में गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में लोकसभा आम चुनाव हेतु EVM/VVPAT मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड, बेंगलुरु के 276 इंजीनीयर्स द्वारा 27 जनवरी 2024 से राज्य के सभी जिलों में प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का कार्य 16 फरवरी 2024 तक पूर्ण होने की संभावना हैं। सात फरवरी तक 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। ईवीएम से तात्पर्य बैलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) और वीवीपीएटी से है। राज्य के जिलों में लाइव वेब कास्टिंग के जरिए लगभग 90,689 बीयू, 73,005 सीयू और 73,005 vvpat मशीनों की flc करवाई जा रही है। एफएलसी ओके मशीनों को ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर पर आमजन के लिए वोट प्रक्रिया समझने हेतु प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसमें नवमतदाता उत्साह से भाग ले रहे हैं।

सबसे अधिक और कम मतदाता इन विधानसभा क्षेत्रों में
सबसे ज्यादा झोटवाड़ा विधानभा क्षेत्र में 4,37,479, बगरू में 3,60,013, सांगानेर में 3,59,012, विद्याधरनगर में 3,50,638, लूणी में 3,38,187 मतदाता पंजीकृत हैं। सबसे कम मतदाता किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में 1,94,902 मतदाता, जोधपुर में 1,99,809, बसेड़ी में 2,04,021, पीपल्दा में 2,10,146 अजमेर उत्तर में 2,10,244 मतदाता पंजीकृत हैं। 

सबसे अधिक व कम महिला मतदाता यहां
झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 2,10,464 महिला मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि सबसे कम महिला मतदाता बसेड़ी में 93,096 में पंजीकृत हैं।

नाम जुड़वाने की प्रक्रिया जारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने की प्रक्रिया 8 फरवरी के बाद भी जारी रहेगी। अतः पंजीकरण से शेष रहे मतदाता लोकसभा आम चुनाव 2024 के अंतर्गत नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक अपना नाम सूची में जुड़वा सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल, वोटर हेल्प लाइन एप तथा बीएलओ एप का उपयोग किया जा सकता है।

पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नहीं किया नामांकन पत्र दाखिल
राज्यसभा द्विवार्षिक निर्वाचन-2024 के लिए 8 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ नांमाकन पत्र भरने की प्रक्रिया आरंभ हो गई। नामांकन के पहले दिन गुरुवार को कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक विधानसभा में जमा किए जा सकते हैं। विधानसभा के कमरा नं. 110 से अभ्यर्थी नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं एवं इन्हें कमरा नं. 106 में जमा कराया जा सकेगा। रिटर्निंग ऑफिसर और उनकी अनुपस्थिति में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नामांकन पत्र स्वीकार करेंगे। 

गुप्ता ने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 16 फरवरी को विधानसभा के कमरा नं. 751 में होगी। अभ्यर्थी 20 फरवरी तक नाम वापस ले सकेंगे। आवश्यक होने पर मतदान 27 फरवरी को प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। मतगणना इसी दिन सायं 5 बजे से होगी। चुनाव प्रक्रिया 29 फरवरी से पूर्व सम्पन्न कर ली जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए निर्वाचन सम्पन्न होना है, जो 3 अप्रैल 2024 को रिक्त हो रही है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें