विपक्षी कांग्रेस जहां मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके भाजपा नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की सरकार से नाराजगी की बात को हवा दे रही है, वहीं प्रदेश भाजपा संगठन ने शुक्रवार को मीणा को लेकर बड़ा खुलासा किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सरकार से कतई नाराज नहीं हैं। वे रोजाना अपने विभाग की फाइलें निकाल रहे हैं। जबकि किरोड़ीलाल मीणा लगातार बयान दे रहे हैं कि वे सरकार से इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि सरकार की तरफ से उनके इस्तीफे पर भी अब तक कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है।
राठौड़ ने कहा कि शुक्रवार को भी मीणा मेरे साथ ही रहे। सरकार का कामकाज किया। मीणा के दफ्तर नहीं जाने के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि वे कहीं से भी काम करें लेकिन सरकार का काम कर रहे हैं। हालांकि प्रदेशाध्यक्ष के दावे के बाद भी खुद किरोड़ी की ओर से इस्तीफे की स्थिति को लेकर कोई रुख सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि डॉ. मीणा ने 4 जुलाई को सरकार में मंत्री पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया था और तब से अब तक वे अपने दफ्तर नहीं जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ भले ही मजबूती से उनके मंत्री पद पर बने रहने का दावा कर रहे हों लेकिन खुद किरोड़ी ने हाल ही अपने एक बयान में कहा था कि मंत्री बनने के बाद वे 'शिखंडी' बन गए थे। उनकी काम कराने की ताकत कम हो गई थी। इधर, मीणा के इस्तीफे पर असमंजस को लेकर बार-बार कांग्रेस सरकार पर निशाना साध रही है, लेकिन सरकार की ओर से उनका त्यागपत्र मंजूर या नामंजूर होने के बारे में अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है।