जयपुर की चंदवाजी थाना पुलिस ने अचरोल कस्बे में 25 अप्रैल को हुई वृद्ध दंपति की हत्या और डकैती के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस डबल मर्डर मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक नाबालिग है। आरोपी 15 दिन से रैकी कर रहे थे। हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी सोल्जर रैगर (20), मनीष रैगर (20), नरेंद्र उर्फ नितेश रैगर (20), रोहित रैगर (20) और आजाद बुनकर (19) को गिरफ्तार कर एक नाबालिक को निरुद्ध किया गया है।
बुजुर्ग दंपति की हत्या कर नकदी और जेवर लूटे
जयपुर ग्रामीण एसपी राजीव पचार ने बताया कि 24 अप्रैल की रात अभियुक्तों ने अचरोल कस्बे में हरिजन बस्ती इंदिरा कॉलोनी निवासी वृद्ध दंपति कजोड़ मल (85) और मनभरी देवी (80) के हाथ-पैर और मुंह बंद कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आलमारी तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवर लूटकर ले गए। अगले दिन शाम करीब 4-5 बजे पोता और पोती कोई सामान लेने दादा के घर गए तो घटना का पता चला। मृतक दंपति के बेटे लालचंद की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया।
36 घंटे में किया खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुखबिरों और पुलिस की जांच के कारण 36 घंटे में आरोपियों को विराटनगर और शाहपुरा थाना इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को वृद्ध दंपति के पास लाखों रुपए होने की आशा थी। लूट की घटना के लिए पहले से ही योजना बनाकर 15 दिनों से लगातार रैकी की जा रही थी। घटना के दिन आरोपी अकेले रह रहे दंपति के घर रात में घुसे उनके हाथ-पैर और मुंह बांध दिया। अलमारी तोड़ नगदी और जेवर लूट ले गए।