अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से आचार संहिता लागू होती है, जिससे विकास कार्य बाधित होते हैं। उन्होंने सभी चुनाव एक साथ कराने से देश को लाभ होने की बात कही। मंत्री ने बताया कि इस प्रस्ताव पर सभी राजनीतिक दलों से चर्चा जारी है ताकि आम सहमति बनाई जा सके।
‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को लेकर जयपुर में एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एमआई रोड स्थित राजस्थान चैंबर भवन में हुआ। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विज्ञापन
कार्यक्रम में केंद्रीय राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुनील सिंघवी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश संयोजक सुनील भार्गव, राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष केएल जैन और जयपुर व्यापार महासंघ अध्यक्ष सुभाष गोयल सहित कई व्यापार मंडलों के पदाधिकारी शामिल हुए।
एक साथ चुनाव से पांच साल विकास को मिलेगा बढ़ावा
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि अगर सभी चुनाव एक साथ होते हैं तो इसमें कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "बार-बार चुनाव होने से आचार संहिता लागू हो जाती है, जिससे विकास कार्य रुक जाते हैं। यदि चुनाव एक साथ हो जाएं तो सरकारों को पूरे पांच साल तक निर्बाध रूप से काम करने का अवसर मिलेगा।"
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के प्रस्ताव को लेकर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से चर्चा की जा रही है, ताकि आम सहमति बन सके। इस सम्मेलन में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और देशभर में चुनाव एक साथ कराने के विचार का समर्थन किया।