राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जयपुर में गांधी वाटिका का निरीक्षण करते हुए कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी जैसे सच्चे और ईमानदार व्यक्ति के नाम का भी गलत उपयोग किया है और भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी वाटिका के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जबकि कोटा स्टोन की जन्मस्थली रामगंज मंडी, जहां से वे विधायक हैं, वहीं से उत्तम पत्थर उपलब्ध था।
मदन दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने गांधी के नाम पर भ्रष्टाचार का खेल खेला है। वाटिका में भगवान राम और महाराणा प्रताप का कोई उल्लेख न होने पर भी उन्होंने सवाल उठाया और कहा कि यह वाटिका गांधी के नाम का सही प्रतिनिधित्व नहीं करती है।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए दिलावर ने कहा कि कांग्रेस के नेता गांधी के विचारों को नहीं मानते और उन्होंने गांधी के नाम का उपयोग करके देश को भ्रमित किया है। दिलावर बोले गांधी परिवार महात्मा गांधी की संतान नहीं है। बस नाम उपयोग कर देश को भ्रम में रखा है। उन्होंने आपातकाल के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए कृत्यों की भी आलोचना की और कहा कि राहुल गांधी का भारत से कोई लगाव नहीं है।
दो अक्तूबर को मुख्यमंत्री गांधी वाटिका का उद्घाटन करेंगे। वाटिका में किए गए बदलावों के बारे में उन्होंने कहा कि एक्सपर्ट की राय के अनुसार इसमें सुधार किए जाएंगे, ताकि गांधी के दर्शन का सही चित्रण हो सके।