राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के चित्तापुर से प्रत्याशी मणिकांत राठौड़ द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं उनके परिवार को जान से मारने की धमकी की निंदा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के ऑडियो टेप से ज्ञात होता है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में संभावित हार से बौखलाई हुई भारतीय जनता पार्टी निम्न स्तरीय राजनीति कर रही है। ऐसे प्रत्याशी को मैदान में उतार कर भारतीय जनता पार्टी ने देश के प्रजातंत्र पर प्रहार किया है।
डोटासरा ने कहा कि दलित वर्ग से आने वाले तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं उनके परिवार को खत्म करने की धमकी देने वाला भारतीय जनता पार्टी का नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह का नजदीकी एवं प्रिय सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार का कृत्य न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि लोकतंत्र की परंपराओं के विरूद्ध है।
डोटासरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है, मिजोरम में जातीय संघर्ष चल रहा है। लोगों के घर जलाए जा रहे हैं, किन्तु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह कर्नाटक चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर कार्रवाई करवाने के बजाय भारतीय जनता पार्टी के सांसद को बचाने के लिए पूरा सरकारी तंत्र लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता में देश की जनता एवं लोकतांत्रिक परम्पराएं न होकर सिर्फ चुनाव रह गया है, जो कि देश के आने वाले समय के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा का कथन कि 9 वर्ष पहले देश घुटनों के बल चल रहा था, ना सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि देश के महान नेताओं एवं पूर्व प्रधानमंत्रियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के कारण भारत का सिर विश्व में हमेशा ऊंचा रहा है तथा रहेगा।